कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो घर पर बनाएं पंपकिन पास्ता, स्वाद के साथ सेहत के लिए भी हेल्दी, जानें रेसिपी

KNEWS DESK- पास्ता को अक्सर लोग अनहेल्दी मानते हैं क्योंकि कई बार इसके सॉस में मैदा या ज्यादा तेल-घी का इस्तेमाल होता है। लेकिन आज हम आपको एक ऐसी रेसिपी बताएंगे जिसमें पंपकिन (कद्दू) से हेल्दी और न्यूट्रिएंट्स से भरपूर पास्ता सॉस बनाया जाएगा। यह डिश बच्चों और बड़ों दोनों को बेहद पसंद आएगी।

हेल्थलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग 245 ग्राम पंपकिन में 3 ग्राम प्रोटीन, विटामिन ए की 209%, विटामिन के की 37%, विटामिन ई की 22%, बी6 और विटामिन सी की 10-10%, कॉपर की 28% और आयरन की 18% डेली जरूरत पूरी होती है। इसके अलावा भी पंपकिन में कई जरूरी न्यूट्रिएंट्स होते हैं जो शरीर के लिए फायदेमंद हैं।

पंपकिन पास्ता बनाने के लिए आवश्यक सामग्री

  • 1 छोटा कद्दू (लगभग 300 ग्राम, छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
  • 2 बड़े चम्मच जैतून का तेल
  • 3-4 लहसुन की कलियां (बारीक कटी हुई)
  • 1 छोटा चम्मच पेरी पेरी मसाला
  • काली मिर्च पाउडर (स्वादानुसार)
  • 1 छोटा चम्मच रेड चिली फ्लेक्स
  • 1 मीडियम साइज प्याज (बारीक कटा हुआ)
  • मोज़रेला चीज़ (जरूरत के अनुसार)
  • नमक (स्वादानुसार)
  • मल्टीग्रेन पास्ता

पंपकिन सॉस बनाने की विधि

  1. एक पैन में 1 बड़ा चम्मच जैतून का तेल गरम करें।
  2. इसमें कटा हुआ लहसुन, रेड चिली फ्लेक्स और पेरी पेरी मसाला डालकर हल्का भूनें।
  3. अब इसमें कटे हुए कद्दू के टुकड़े डालें और थोड़ा पानी मिलाकर पैन को ढककर कद्दू को नरम होने तक पकाएं।
  4. नरम होने के बाद इस मिश्रण को ग्राइंडर में डालकर पेस्ट बना लें।

पास्ता बेस तैयार करें

  1. उसी पैन में फिर से 1 बड़ा चम्मच जैतून का तेल गरम करें।
  2. इसमें बारीक कटा हुआ प्याज और लहसुन डालकर सुनहरा होने तक भूनें।
  3. अब इसमें पंपकिन का बनाया हुआ सॉस डालें।
  4. नमक, काली मिर्च पाउडर, रेड चिली फ्लेक्स और थोड़ा पेरी पेरी मसाला मिलाएं।
  5. स्वाद बढ़ाने के लिए उबले हुए कॉर्न भी डाल सकते हैं।
  6. ग्रेवी की थिकनेस कम करने के लिए जरूरत अनुसार थोड़ा पानी डालें।

पास्ता पकाने का फाइनल स्टेप

  1. उबले हुए मल्टीग्रेन पास्ता को इस पंपकिन सॉस में डालकर अच्छे से मिलाएं।
  2. ऊपर से मोज़रेला चीज़ डालकर उसे पिघलने तक पकाएं।
  3. गरमा गरम सर्व करें क्योंकि ठंडा होने पर सॉस थोड़ा गाढ़ा हो सकता है।

यह क्रीमी पंपकिन पास्ता न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी बहुत अच्छा विकल्प है। वीकेंड या फैमिली के लिए इसे जरूर बनाएं और अपने परिवार को पौष्टिकता और स्वाद का तोहफा दें।