शेफाली जरीवाला के अस्थि विसर्जन के बाद नम आंखों से रस्में निभाते दिखे पति पराग त्यागी, वीडियो हुआ वायरल

KNEWS DESK – ‘कांटा लगा गर्ल’ शेफाली जरीवाला अब सिर्फ यादों में रह गई हैं। 42 साल की उम्र में अचानक कार्डियक अरेस्ट से निधन के बाद उनके परिवार और पति पराग त्यागी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अंतिम संस्कार के बाद अब शेफाली की अस्थियां भी मुंबई के समुद्र में विधिवत रूप से विसर्जित कर दी गई हैं।

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें पति पराग त्यागी भारतीय परंपराओं के अनुसार शेफाली की आत्मा की शांति के लिए अगली रस्में निभाते नजर आते हैं। इस दृश्य ने एक बार फिर फैंस की आंखें नम कर दी हैं।

अस्थि विसर्जन के बाद की रस्में, पंडित के निर्देश पर की गई पूजा

वीडियो में दिख रहा है कि समुद्र में अस्थि विसर्जन के बाद पराग त्यागी एक और रस्म पूरी कर रहे हैं। पंडित जी के निर्देश पर वह पेपर की कटोरियों में भोजन रखकर कौओं के लिए एक जगह सजाते हैं। यह रस्म हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार मृत आत्मा की शांति और पिंडदान से जुड़ी होती है। कहा जाता है कि कौए यमदूतों के प्रतीक होते हैं और मृत आत्मा को यह भोजन अर्पित करना आत्मा की तृप्ति के लिए बेहद जरूरी होता है।

इस भावुक पल में पराग त्यागी थोड़ी दूरी से खड़े होकर कौओं को खाना खाते हुए नम आंखों से देखते हैं। उनके चेहरे की उदासी, थका हुआ शरीर और हाथ जोड़े प्रार्थना करती उनकी मुद्रा – हर फ्रेम दिल को छू जाने वाला है। वो अपने आंसुओं को बार-बार रोकने की कोशिश करते हैं, लेकिन आंखों से बहते भावों को थाम पाना आसान नहीं होता।

सोशल मीडिया पर लोगों ने साझा किया दर्द

इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूज़र्स भी बेहद भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा – “पराग सर की हालत देख दिल टूट गया… इतना गहरा प्यार अब सिर्फ यादों में रह गया।” दूसरे ने लिखा – “जिनके लिए हर सुबह मुस्कान से शुरू होती थी, आज वही इंसान आंखों में आंसू लिए विदाई की रस्में कर रहा है।”

पराग त्यागी ने न सिर्फ शेफाली को हर पल प्यार दिया, बल्कि अंतिम क्षणों तक हर रस्म पूरी श्रद्धा और सम्मान से निभाई। चाहे वो अंतिम दर्शन हो, अस्थि विसर्जन हो या अब ये पिंडदान की रस्म – हर क्षण उन्होंने अपनी भावनाओं को ज़मीन पर रखकर सिर्फ शेफाली की आत्मा की शांति की प्रार्थना की।