आदित्य रॉय कपूर के घर में घुसी अनजान महिला, नौकरानी ने दर्ज कराया मामला

KNEWS DESK –  बॉलीवुड एक्टर आदित्य रॉय कपूर एक अजीबो-गरीब और परेशान करने वाले वाकये का शिकार हो गए हैं। मुंबई में उनके बांद्रा स्थित घर में एक 47 वर्षीय महिला कथित तौर पर बिना अनुमति घुस गई। महिला की पहचान गजाला झकारिया सिद्दीकी के रूप में हुई है। इस मामले में एक्टर की घरेलू सहायिका ने खार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फिलहाल जांच जारी है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना 26 मई की शाम की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस समय आदित्य रॉय कपूर अपने किसी प्रोजेक्ट की शूटिंग के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। उनके बांद्रा पश्चिम स्थित रिजवी कॉम्प्लेक्स वाले घर में केवल उनकी घरेलू सहायिका संगीता पवार मौजूद थीं।

शाम लगभग 6 बजे, दरवाजे की घंटी बजी। संगीता ने दरवाजा खोला तो सामने एक महिला खड़ी थी, जिसने पूछा कि क्या यह आदित्य रॉय कपूर का घर है। जब नौकरानी ने हां में जवाब दिया, तो महिला ने कहा कि वह एक्टर के लिए गिफ्ट और कपड़े लेकर आई है। संगीता ने महिला की बात पर विश्वास करते हुए उसे घर के भीतर आने दिया। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया।

एक्टर ने महिला को नहीं पहचाना

जब आदित्य रॉय कपूर शूटिंग से लौटे और नौकरानी ने महिला के बारे में बताया, तो उन्होंने महिला को पहचानने से इनकार कर दिया। जब महिला ने उनसे मिलने की कोशिश की, तो एक्टर ने उसे घर से बाहर जाने को कहा और तुरंत सोसायटी मैनेजर जयश्री डुंकडू से संपर्क किया। मैनेजर ने फिर आदित्य की मैनेजर श्रुति राव को इस बारे में बताया, जिसके बाद खार पुलिस स्टेशन को जानकारी दी गई।

महिला नहीं मानी, पुलिस को करनी पड़ी दखल

जब नौकरानी ने महिला से घर छोड़ने को कहा, तो वह वहीं रुकने पर अड़ गई। आखिरकार पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम गजाला झकारिया सिद्दीकी बताया, लेकिन जब उससे घर में घुसने की वजह पूछी गई, तो वह सवालों को टालने लगी।

खार पुलिस ने महिला के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 331(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच के आधार पर माना जा रहा है कि महिला की मंशा आपराधिक हो सकती थी, हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।