KNEWS DESK- मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में देर रात से हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार सुबह मुंबई के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बताया कि अगले 3 से 4 घंटों में शहर के विभिन्न इलाकों में तेज़ बारिश, बिजली की गर्जना और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
बारिश का सबसे ज्यादा असर पनवेल स्टेशन परिसर में देखने को मिला, जहां टिकट काउंटर के पास भारी जलभराव हो गया है। बाहर से स्टेशन पहुंचने की कोशिश कर रहे यात्रियों को दीवारों पर चढ़कर अंदर जाना पड़ रहा है, जिससे यात्री काफी परेशान हैं।
वहीं, अंधेरी सबवे को भारी जलभराव के चलते बंद कर दिया गया है। यह मार्ग अंधेरी ईस्ट को वेस्ट, वर्सोवा, सात बंगला, चार बंगला, अंबोली, जुहू और जोगेश्वरी वेस्ट से जोड़ता है। सबवे में करीब 2 से ढाई फुट तक पानी भर गया है। ट्रैफिक पुलिस ने रास्ता बंद कर लोगों को वापस लौटने की सलाह दी है, जबकि जलनिकासी के लिए मोटर पंप लगाए गए हैं।
जनसुविधाओं पर असर
-
यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। कई रास्तों पर गाड़ियां धीमी गति से चल रही हैं या रोक दी गई हैं।
-
रेलवे स्टेशनों पर जलभराव के कारण यात्रियों को कठिनाई हो रही है।
-
स्कूल-कॉलेजों में उपस्थिति प्रभावित होने की संभावना है।
IMD ने नागरिकों से अपील की है कि वे अगले कुछ घंटों तक घर से बिना जरूरत बाहर न निकलें। भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए प्रशासन और आपात सेवाएं सतर्क स्थिति में हैं।
ये भी पढ़ें- RCB को बड़ी कामयाबी, इंस्टाग्राम पर 20 मिलियन फैंस के साथ बनी सबसे लोकप्रिय IPL टीम