KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में ‘तिरंगा यात्रा’ का भव्य शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का जिक्र करते हुए कहा, “दुनिया ने आज भारत का लोहा मान लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।”
मुख्यमंत्री योगी ने हाथ में तिरंगा थामे जनसैलाब के साथ यात्रा की अगुवाई की। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि यह हमारे शौर्य, आत्मबल और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर हज़ारों की संख्या में स्कूली छात्र, सामाजिक संगठन, पूर्व सैनिक, अधिकारीगण और आम नागरिक मौजूद रहे। यात्रा का शुभारंभ विधान भवन से हुआ और यह शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए हजरतगंज तक पहुंची।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आज भारत वैश्विक मंचों पर नेतृत्व कर रहा है। यह तिरंगे की ताकत और देशवासियों के संकल्प का ही परिणाम है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य हर नागरिक में देशभक्ति की भावना को जाग्रत करना है।”