KNEWS DESK- टीम इंडिया के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ जहीर खान और बॉलीवुड एक्ट्रेस सागरिका घाटगे के घर खुशियों ने दस्तक दी है। शादी के सात साल बाद यह स्टार कपल माता-पिता बना है। 16 अप्रैल की सुबह सागरिका ने सोशल मीडिया के जरिए यह खुशखबरी साझा की, जिससे फैंस और दोस्तों के बीच बधाइयों का तांता लग गया।
सागरिका घाटगे ने इंस्टाग्राम पर एक प्यारी सी पोस्ट में बेटे के जन्म की खबर दी। उन्होंने लिखा “प्यार, कृतज्ञता और दिव्य आशीर्वाद के साथ हम अपने प्यारे छोटे बच्चे फतेहसिंह खान का स्वागत करते हैं।”
साथ ही उन्होंने दो ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें भी शेयर कीं। एक में जहीर खान बेटे को गोद में लिए मुस्कुरा रहे हैं, तो दूसरी तस्वीर में माता-पिता और बेटे के हाथों की एक भावनात्मक झलक है, जो इस नए अध्याय की कोमलता और पवित्रता को दर्शाती है।
जहीर और सागरिका ने साल 2017 में शादी की थी। दोनों अलग-अलग धर्मों से आते हैं—जहीर मुस्लिम और सागरिका हिंदू परिवार से ताल्लुक रखती हैं। लेकिन प्यार ने हर दीवार को तोड़ते हुए इन्हें एक कर दिया, और अब माता-पिता बनकर उन्होंने अपने रिश्ते को एक नई ऊंचाई दी है।
फिलहाल जहीर खान आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के बॉलिंग कोच के रूप में व्यस्त हैं। लेकिन पिता बनने की यह खुशी उनके व्यस्त शेड्यूल के बीच भी सबसे खास पल बन गई है। क्रिकेट की दुनिया से लेकर बॉलीवुड तक, दोनों को खूब बधाइयां मिल रही हैं।
‘फतेहसिंह’ नाम सुनते ही एक शौर्य, परंपरा और सम्मान की झलक मिलती है। यह नाम सिख इतिहास से गहराई से जुड़ा है और इसमें शक्ति, जीत और आस्था का भाव समाहित है। सागरिका और जहीर ने बेटे के नाम के जरिए एक मजबूत, सकारात्मक संदेश दिया है – विविधता में एकता और संस्कृति की जड़ें।
ये भी पढ़ें- असंभव को संभव बना दिया…युजवेंद्र चहल ने तलाक के बाद बिखेरा जलवा, रूमर्ड गर्लफ्रेंड भी रह गईं हैरान