KNEWS DESK- दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर हलचल मच गई है। राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हैं कि पंजाब में पार्टी के करीब 35 विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं और अन्य दलों में शामिल हो सकते हैं। इस बीच, दिल्ली में AAP के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों और सांसदों के साथ बैठक बुलाई है।
कपूरथला हाउस में सीएम मान और विधायकों की बैठक
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली स्थित कपूरथला हाउस में पंजाब सरकार के मंत्रियों और विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक हो रही है। इस बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब विधानसभा अध्यक्ष भी मौजूद हैं। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और पार्टी में संभावित टूट को लेकर चर्चा हो रही है।
दिल्ली चुनाव में हार के बाद आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने केजरीवाल पर नए आरोप लगाए हैं। विपक्षी दलों का कहना है कि अरविंद केजरीवाल अब भगवंत मान के खिलाफ साजिश रच रहे हैं और खुद पंजाब के मुख्यमंत्री बनने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
क्या टूट की ओर बढ़ रही है ‘आप’ पंजाब?
AAP के पंजाब विधायकों के असंतोष की खबरें लंबे समय से चल रही हैं, लेकिन अब यह मामला और गंभीर होता दिख रहा है। अगर 35 विधायक पार्टी छोड़ते हैं, तो यह भगवंत मान सरकार के लिए एक बड़ा झटका हो सकता है। हालांकि, अभी तक किसी विधायक ने खुलकर अपने इरादों का खुलासा नहीं किया है। आम आदमी पार्टी की इस बैठक के बाद स्थिति कुछ हद तक साफ हो सकती है। क्या पार्टी अपने असंतुष्ट विधायकों को मनाने में सफल होगी या फिर पंजाब की राजनीति में कोई बड़ा उलटफेर होने वाला है? इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
ये भी पढ़ें- उर्फी जावेद ने समय रैना और रणवीर अल्लाहबादिया का किया बचाव, कहा – ‘जेल जाने लायक नहीं’
About Post Author