Haryana Assembly Elections 2024: कांग्रेस उम्मीदवार विनेश फोगाट ने चरखी दादरी में वोट डाला, लोगों से की मतदान करने की अपील

KNEWS DESK – हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया शनिवार, 5 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शुरू हो गई। इस मौके पर पहलवान और कांग्रेस उम्मीदवार विनेश फोगाट ने चरखी दादरी के बलाली में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

आपको बता दें कि इस दौरान विनेश फोगाट ने कहा, “मतदान एक बड़ा उत्सव है। पूरा हरियाणा आज वोट डालने जा रहा है। मैं एक उम्मीदवार के रूप में सभी से अपील करती हूं कि वे अपने घरों से बाहर निकलकर मतदान करें। नशा एक गंभीर मुद्दा है और यह हमारे लिए चिंता का विषय है। हम अगले 5 वर्षों तक दिन-रात मेहनत करके अपने दायित्वों को निभाएंगे।”

हरियाणा में खेल का स्तर

विनेश फोगाट ने इस अवसर पर हरियाणा के खेल के स्तर को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जब भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री थे, तब खेल का स्तर बहुत बेहतर था। “हम सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहते हैं। हमें केवल खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रहना है,” उन्होंने जोड़ा।

https://x.com/Knewsindia/status/1842418984605384774  

जुलाना सीट पर टक्कर

इस बार जुलाना सीट चुनावी हलचल का केंद्र बन गई है। यहां विनेश फोगाट का सामना बीजेपी के कैप्टन योगेश बैरागी से होगा। विनेश को पेरिस ओलंपिक में अयोग्य ठहराए जाने के बाद वे काफी चर्चाओं में रहीं, जिससे उनके चुनावी सफर को और भी महत्वपूर्ण बना दिया है। कांग्रेस ने उन्हें जुलाना सीट से मैदान में उतारने का निर्णय लिया है, जबकि आम आदमी पार्टी ने इस सीट पर WWE की पहलवान कविता दलाल को उम्मीदवार बनाया है।

कविता दलाल, जिन्हें लेडी खली के नाम से भी जाना जाता है, भारत की पहली महिला रेसलर हैं जो WWE में गईं। 2019 के चुनाव में जेजेपी के अमरजीत ढांडा ने जुलाना सीट पर जीत दर्ज की थी, जब उन्होंने बीजेपी के परमिंदर सिंह ढुल को 24,193 वोटों से हराया था।

90 सीटों पर 2.03 करोड़

प्रदेश की 90 सीटों पर 2.03 करोड़ वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। 2.03 करोड़ मतदाताओं में से 1.07 करोड़ से ज्यादा मतदाता पुरुष हैं, जबकि 95 लाख से ज्यादा मतदाता महिलाएं हैं और 467 थर्ड जेंडर हैं। यहां 5.24 लाख युवा वोटर हैं, जिनकी आयु 18 से 19 साल के बीच है। राज्य में कुल 1.49 लाख दिव्यांग मतदाता हैं, जिनमें से 93.5 हजार पुरुष, 55.5 हजार महिलाएं और छह थर्ड जेंडर हैं। वहीं 85 साल से ज्यादा आयु के 2.31 लाख वोटर हैं, जिनमें 89.9 हजार पुरुष और 1.41 लाख महिलाएं हैं। इसके अलावा, 100 साल से ज्यादा आयु के 8,821 मतदाता हैं, जिनमें 3,283 पुरुष और 5,538 महिलाएं हैं।

आठ अक्टूबर को आएंगे नतीजे

इस बार चुनाव में कुल 20,629 पोलिंग केंद्रों पर हरियाणा के मतदाता वोट डालने पहुंचेंगे। ये पोलिंग केंद्र 10495 जगहों पर बनाए गए हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव में कुल 1031 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 101 महिलाएं हैं।

बता दें नतीजे जम्मू कश्मीर के साथ ही आठ अक्टूबर को आएंगे। वोटिंग सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगी। राज्य की सभी 90 सीटों पर एक साथ शनिवार को वोटिंग हो रहा है और नतीजे आठ अक्टूबर को आएंगे।

About Post Author

Leave a Reply

Your email address will not be published.