जयपुर में हिंसा: शास्त्री नगर में युवक की हत्या के बाद तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

KNEWS DESK- राजस्थान में हाल की घटनाओं ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में तनाव को बढ़ा दिया है। उदयपुर में हिंसा की घटनाओं के बाद, अब जयपुर में भी एक गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। शुक्रवार रात शास्त्री नगर इलाके में एक युवक की हत्या के बाद शनिवार सुबह स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात को शास्त्री नगर के स्वामी बस्ती में रहने वाला 36 वर्षीय दिनेश स्वामी अपने साथी जितेंद्र के साथ स्कूटी पर घर लौट रहा था। रास्ते में उनकी ई-रिक्शा से टक्कर हो गई। इस टक्कर के बाद, ई-रिक्शा सवार तीन युवकों और दिनेश तथा जितेंद्र के बीच मारपीट हो गई। मारपीट के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए। घर पहुंचने के बाद, दिनेश की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए।

प्रदर्शन और पुलिस की प्रतिक्रिया

दिनेश की हत्या के बाद आक्रोशित स्थानीय लोग शनिवार सुबह सड़कों पर उतर आए। माहौल गरमाने के बाद पुलिस प्रशासन ने शास्त्री नगर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, झगड़ा साइड देने की बात पर हुआ था। दोनों पक्षों के बीच कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। मृतक की पत्नी ने बताया कि घर लौटने के बाद दिनेश को सीने में दर्द हुआ, जिसके बाद उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस की कार्रवाई

डीसीपी राशि डोगरा ने इलाके में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। अतिरिक्त डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत ने भरोसा दिलाया है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और दोनों नामजद आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे।

सामाजिक और सुरक्षा के दृष्टिकोण से, पुलिस प्रशासन ने इलाके में शांति बनाए रखने और किसी भी अनहोनी से बचने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने की दिशा में काम कर रहा है।

ये भी पढ़ें-  कोलकाता डॉक्टर रेप-मर्डर केस के विरोध में IMA की 24 घंटे की हड़ताल, जानें क्या हैं IMA की मांगें…

About Post Author