प्रज्वल रेवन्ना का भाई सूरज रेवन्ना गिरफ्तार, पार्टी कार्यकर्ता ने लगाया था यौन शोषण का आरोप

KNEWS DESK- कर्नाटक पुलिस ने जेडीएस एमएलसी सूरज रेवन्ना को पार्टी कार्यकर्ता के यौन शोषण के आरोप में आज गिरफ्तार किया है| 37 साल के सूरज रेवन्ना पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के बड़े भाई हैं, जो कई महिलाओं के यौन शोषण के आरोप में पहले से जेल में बंद हैं| एमएलसी सूरज रेवन्ना के खिलाफ शनिवार को पार्टी कार्यकर्ता का यौन शोषण करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था| पुलिस ने उन पर आईपीसी की कई धाराओं में केस दर्ज किया, जिसमें अप्राकृतिक यौन शोषण की धारा शामिल है|

सूरज रेवन्ना को गिरफ्तार करने से पहले उनसे रातभर सीईएन पुलिस स्टेशन में पूछताछ की गई थी| होलेनरसिपुरा थाने में 27 साल के जेडीएस कार्यकर्ता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि होलेनरसीपुरा विधायक एच. डी. रेवन्ना के बड़े बेटे सूरज रेवन्ना ने 16 जून को घनिकाडा में अपने फार्महाउस पर उसका अप्राकृतिक यौन शोषण किया|इस शिकायत पर होलेनरसिपुरा पुलिस ने शनिवार देर शाम जेडीएस एमएलसी सूरज रेवन्ना के खिलाफ आईपीसी की धारा 377 (अप्राकृतिक अपराध), 342 (बंधक बनाना) और 506 (धमकी देना) की धाराओं में केस दर्ज किया|

हालांकि पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा के पोते और केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी के भतीजे सूरज रेवन्ना ने आरोपों को खारिज किया है| सूरज ने आरोप लगाया है कि शिकायत करने वाला शख्स उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग कर रहा था और पैसे नहीं देने पर झूठा केस किया है|

वहीं पुलिस ने शुक्रवार को सूरज रेवन्ना के सहयोगी शिवकुमार की शिकायत पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाले जेडीएस कार्यकर्ता के खिलाफ जबरन वसूली का केस दर्ज किया है| शिवकुमार ने आरोप लगाया था कि झूठे यौन उत्पीड़न की शिकायत करने वाला शख्स सूरज रेवन्ना को पैसों के लिए ब्लैकमेल कर रहा था| आरोप है कि शख्स ने सूरज रेवन्ना से पांच करोड़ रुपये की मांग की थी, लेकिन बाद में वो पांच करोड़ से घटकर दो करोड़ रुपये की मांग कर रहा था| बता दें, सूरज के भाई और हासन के पूर्व जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना कई महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में जेल में बंद हैं| प्रज्वल रेवन्ना को पिछले महीने जर्मनी से लौटने पर गिरफ्तार किया गया था|

About Post Author