अहमदाबाद रूट पर शुरू हुई दूसरी वंदे भारत ट्रेन, पीएम मोदी ने वर्चुअली दिखाई हरी झंडी

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेमी हाई-स्पीड लक्जरी ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद व्यस्त अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल मार्ग को मंगलवार को दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस मिली। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और राज्यपाल रमेश बैस मौजूद थे।

पीएम मोदी ने वर्चुअली अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट ट्रेन के उद्घाटन के अलावा अहमदाबाद-जामनगर वंदे भारत एक्सप्रेस के ओखा तक के विस्तार को भी हरी झंडी दिखाई। अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए बुकिंग पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू हो गई है। 13 मार्च से नियमित सेवाएं शुरू होंगी। सुपरफास्ट ट्रेन में एसी चेयर कार और एक्जीक्यूटिव चेयर कार शामिल हैं। वंदे भारत अहमदाबाद और मुंबई के बीच की 500 किलोमीटर से ज्यादा की दूरो को छह घंटे से भी कम समय में पूरा करेगी।

दोनों स्टेशनों के बीच 2022 में पहली वंदे भारत ट्रेन शुरू हुई थी। वर्तमान में, विश्व स्तरीय यात्री सुविधाओं और बेहतर सुरक्षा सुविधाओं से लैस पांच वंदे भारत ट्रेनें पश्चिम रेलवे नेटवर्क पर चल रही हैं। उनमें से एक गांधीनगर कैपिटल-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस (जो अहमदाबाद से होकर गुजरती है) को 30 सितंबर, 2022 को शुरू किया गया था।

नई वंदे भारत एक्सप्रेस रविवार को छोड़कर हफ्ते में छह दिन चलेगी। ट्रेन सुबह 6:10 बजे अहमदाबाद से रवाना होगी और 11:35 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी। वपासी में सुपरफास्ट एक्सप्रेस मुंबई सेंट्रल से दोपहर 3:55 बजे चलेगी और रात 9:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि 2014 तक प्रति दिन चार किलोमीटर की गति से नए रेलवे ट्रेस का काम होता था। आज 15 किलोमीटर हर दिन पूरे हो रहे हैं। इतना फासला है। ये विकास का फासला है। महाराष्ट्र में 1300 करोड़ रुपये की लागत से 211 रेल परियोजनाएं चल रही हैं। इस साल के बजट में महाराष्ट्र को 1500 करोड़ रुपये मिले हैं और 126 रेलवे स्टेशनों का नवीनीकरण किया जा रहा है। मैं इस बदलाव के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद देता हूं।

ये भी पढ़ें-    राजस्थान: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राजीव गांधी स्टेडियम में मल्टीपर्पज इंडोर हॉल का किया वर्चुअल लोकार्पण

About Post Author