दिल्ली आबकारी मामले में अरविंद केजरीवाल को मिला चौथा समन, 18 जनवरी को ईडी करेगी पूछताछ

KNEWS DESK- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं| दिल्ली शराब घोटाला मामले में एक बार फिर ईडी ने अरविंद केजरीवाल को समन जारी किया है और 18 जनवरी को पेश होने को कहा है| प्रवर्तन निदेशालय द्वारा केजरीवाल को शराब नीति मामले में भेजा गया यह चौथा समन है, इससे पहले 2 नवंबर, 21 दिसंबर और 3 जनवरी को तीन समन जारी हो चुके हैं| हालांकि अरविंद पूछताछ में शामिल नहीं हुए थे|

अब यह देखना होगा कि अरविंद केजरीवाल इस चौथे समन के बाद ईडी के सामने पेश होते हैं या नहीं| पिछले समन के बाद आप ने कहा था कि वो ईडी को सहयोग करना चाहते हैं लेकिन ईडी का यह समन राजनीति से जुड़ा हुआ है| इस चौथे समन को लेकर अभी तक आम आदमी पार्टी की तरफ से कोई रिएक्शन नहीं आया है| ईडी के लगातार समन जारी करने के बाद आप दावा कर रही है कि ये सारी प्रक्रिया अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के लिए की जा रही है| ईडी उन्हें पूछताछ के बहाने बुलाकर गिरफ्तार करना चाहती है| AAP का कहना है कि अगर ईडी को पूछताछ करनी है तो वह अपने सवाल लिखकर केजरीवाल को दे सकती है|

कुछ दिन पहले आप के नेताओं ने केजरीवाल की गिरफ्तारी की आशंका जतानी शुरू कर दी थी| उन्होंने दावा किया था कि ईडी आज अरविंद केजरीवाल के आवास पर रेड मार सकती है और उनकी गिरफ्तारी भी कर सकती है| दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी, सौरभ भारद्वाज और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया था कि केजरीवाल के घर आज ईडी की छापेमारी हो सकती है, जिसके बाद उन्हें अरेस्ट किया जा सकता है|

AAP के इन आरोपों पर बीजेपी ने भी पटलवार किया है| भाजपा प्रवक्ता हरीश खुराना ने कहा है कि आतिशी या AAP के दूसरे नेताओं को मनोहर कहानियां गढ़ने में बहुत मजा आता है| आपके लिए विपश्यना महत्वपूर्ण हैं, कानून नहीं| एमपी चुनाव महत्वपूर्ण हैं, कानून नहीं| अरविंद केजरीवाल अपने आपको कानून से ऊपर मानते हैं|

दिल्ली के कथित शराब घोटाले में साल 2023 में 16 अप्रैल को ईडी ने अरविंद केजरीवाल से करीब 9 घंटे तक पूछताछ की थी| केंद्रीय एजेंसी ने उन्हें पूछताछ के लिए 2 नवंबर को समन जारी किया था लेकिन वह 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों में व्यस्त होने का हवाला देते हुए ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे| इसके बाद 18 दिसंबर को ईडी ने उन्हें दोबारा समन जारी करके 21 दिसंबर को पेश होने के लिए कहा था लेकिन केजरीवाल एक बार फिर ईडी के सामने पेश नहीं हुए|

About Post Author