Knews Desk – गुजरात के वडोदरा में मंगलवार को ‘NaMo for Viksit Bharat’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग भारत के विकास को देखकर कभी खुश नहीं हो सकते। पीएम मोदी ने एक बार फिर कांग्रेस के लिए ‘नाराज फूफा’ वाली टिप्पणी का इस्तेमाल किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। आयोजकों के मुताबिक, ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होने के महज एक घंटे के अंदर ही कार्यक्रम की सभी सीटें बुक हो गई थीं। इस दौरान संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें क्वीन बैंड का लोकप्रिय गीत ‘वी विल रॉक यू’ भी प्रस्तुत किया गया।
पीएम मोदी ने कहा कि उनके वडोदरा दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में चल रही यात्रा को और गति देना है। उन्होंने कहा कि वह विकसित भारत के संकल्प को तेजी देने के लिए लोगों के बीच पहुंचे हैं।
प्रधानमंत्री ने वडोदरा में विकास से जुड़ी हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास का जिक्र किया। उन्होंने शहरवासियों की ओर से चलाए गए स्वच्छता अभियान की भी सराहना की और इसके लिए वडोदरा के लोगों को बधाई दी।
कांग्रेस पर फिर साधा निशाना
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग देश की तरक्की से कभी संतुष्ट नहीं होते। उन्होंने दावा किया कि यूपीए सरकार के दौरान विकास की रफ्तार धीमी थी, जबकि उनकी सरकार ने विकास परियोजनाओं को गति देने का काम किया है।
पीएम मोदी ने फ्रेट कॉरिडोर का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे किसानों और माल परिवहन को काफी फायदा हुआ है। उन्होंने बताया कि JNPT मुंबई से डबल कंटेनर मालगाड़ी चलाई गई, जिसके जरिए एक बार में करीब 250 ट्रकों के बराबर सामान मुंबई से वडोदरा पहुंचाया जा सकता है।
इसी संदर्भ में उन्होंने कांग्रेस पर ‘नाराज फूफाजी’ वाला तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग सवाल करेंगे कि इससे ट्रक चालकों का क्या होगा, लेकिन माल को देश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक तेजी से पहुंचाने के लिए परिवहन के अलग-अलग साधनों का इस्तेमाल जरूरी है।
‘चिप से शिप’ तक निर्माण पर जोर
प्रधानमंत्री ने पिछली सरकार पर विकास कार्यों में पिछड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले की यूपीए सरकार 10 साल में पर्याप्त संख्या में टॉयलेट तक नहीं बना पाई, जबकि आज भारत ‘चिप से शिप’ तक निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत की महत्वाकांक्षा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर भारत को AI की सुपरपावर बनना है तो इसके लिए मजबूत और व्यापक इकोसिस्टम तैयार करना होगा।
उन्होंने बताया कि इसके लिए यूरेनियम और रेयर अर्थ मटेरियल की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं के कौशल विकास और स्किल अपग्रेडेशन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बदलते दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के पास जरूरी स्किल होना भी बेहद महत्वपूर्ण है।