UN में भारत का पाकिस्तान को दो टूक जवाब, आतंकवाद पर जमकर घेरा

Knews Desk– पेटल गहलोत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा कि बार-बार झूठ दोहराने से वह सच नहीं बन जाता। उन्होंने पाकिस्तान के आतंकवाद के रिकॉर्ड का जिक्र करते हुए कहा कि 9/11 हमलों का मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान के एबटाबाद में मिला था। गहलोत ने कहा कि वह पाकिस्तानी सेना की प्रमुख अकादमी के ठीक पास रह रहा था। उन्होंने इस बात को पाकिस्तान के आतंकवाद के इतिहास के संदर्भ में महत्वपूर्ण बताया।

गहलोत ने पाकिस्तान की सरकार और उसके राजनीतिक ढांचे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में लोकतांत्रिक अधिकारों और मानवीय मूल्यों की बातें करने वाली सरकार की राजधानी में अपने ही लोगों के खिलाफ सुरक्षा घेरा बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की वास्तविक सत्ता सेना के हाथों में है और राजनीतिक नेता केवल कठपुतली की तरह काम करते हैं। उन्होंने पाकिस्तान के 27वें संशोधन और उसके वास्तविक शासक को मिली आजीवन छूट का भी जिक्र किया।भारत की फर्स्ट सेक्रेटरी ने पाकिस्तान पर धार्मिक असहिष्णुता को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ओर से इस महासभा में धार्मिक सहिष्णुता और मानवाधिकारों को लेकर की गई बातें उसके रिकॉर्ड से मेल नहीं खातीं। उन्होंने पाकिस्तान के ईशनिंदा कानून और वहां अल्पसंख्यकों के साथ होने वाले व्यवहार का उल्लेख करते हुए कहा कि खोखली बातें दुनिया को गुमराह नहीं कर सकतीं।

जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर भी पेटल गहलोत ने पाकिस्तान को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है और हमेशा रहेगा। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाते हुए रावलकोट के लोगों का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां के लोग लंबे समय से हत्याओं, हिंसा और बुनियादी अधिकारों से वंचित किए जाने जैसी परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।आतंकवाद के मुद्दे पर गहलोत ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि पाकिस्तान द्वारा लंबे समय से किए जा रहे सीमा पार आतंकवाद के गंभीर परिणाम होंगे। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपने बचाव के अधिकार का इस्तेमाल करेगा और आतंकवादियों के पास भागने या छिपने की कोई जगह नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी गतिविधियां दोनों देशों के बीच दोस्ती और सद्भावना पर आधारित रिश्तों पर सवाल खड़े करेंगी।अपने संबोधन के अंत में पेटल गहलोत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को पाकिस्तान और उसकी नीतियों को उनके वास्तविक स्वरूप में समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर साल एक ही झूठ दोहराने से वह सच नहीं बन जाता। भारत ने एक बार फिर आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को जवाब देते हुए कहा कि आतंकवाद, धोखा और दोहरे मानदंड किसी भी देश को लाभ नहीं पहुंचा सकते और न ही दुनिया को लंबे समय तक गुमराह कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *