HDFC Bank के नए CEO अनूप बागची को मिलेगा 35.90 करोड़ रुपये तक का पैकेज, टॉप बैंकर्स की सैलरी पर डालें नजर

HDFC Bank के नए मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO अनूप बागची को सालाना 35.90 करोड़ रुपये तक का पैकेज देने का प्रस्ताव है। अगर शेयरधारकों से इसे मंजूरी मिल जाती है, तो वह देश में सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले बैंक CEO बन सकते हैं।

Knews Desk– देश के प्रमुख निजी बैंकों में शामिल HDFC Bank के नए प्रमुख अनूप बागची का प्रस्तावित वेतन पैकेज चर्चा में है। बैंक की ओर से उन्हें सालाना 35.90 करोड़ रुपये तक का पैकेज देने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा, उन्हें 7.35 करोड़ रुपये का एकमुश्त जॉइनिंग बोनस भी मिलेगा। इसमें शेयरों से जुड़े इंसेंटिव शामिल हैं। इस तरह उनका कुल पैकेज 43.24 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि, वास्तविक लाभ प्रदर्शन और शेयर विकल्पों से संबंधित शर्तों पर निर्भर करेगा।

बैंक ने बागची की नियुक्ति और वेतन पैकेज पर शेयरधारकों की मंजूरी मांगी है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) उनकी नियुक्ति को पहले ही स्वीकृति दे चुका है। अब इस प्रस्ताव पर पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान कराया जा रहा है। इसके लिए ई-वोटिंग की प्रक्रिया 8 अक्टूबर से 6 नवंबर तक निर्धारित है।

HDFC Bank के प्रस्ताव के अनुसार, अनूप बागची के सालाना पैकेज में 8.97 करोड़ रुपये की निश्चित सैलरी और प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 26.92 करोड़ रुपये की वैरिएबल सैलरी शामिल होगी। इस तरह उनकी वैरिएबल सैलरी फिक्स्ड सैलरी के मुकाबले लगभग तीन गुना है।

फिक्स्ड सैलरी में 3.32 करोड़ रुपये की बेसिक सैलरी, 1.66 करोड़ रुपये का हाउसिंग बेनिफिट, 54 लाख रुपये का कार अलाउंस और अन्य भत्ते व रिटायरमेंट बेनिफिट शामिल हैं।

वहीं, वैरिएबल सैलरी का 8.88 करोड़ रुपये का हिस्सा नकद दिया जाएगा, जबकि 18.04 करोड़ रुपये कर्मचारी शेयर विकल्प यानी ESOPs के रूप में मिलेंगे। इन शेयर विकल्पों का मूल्य 253.42 रुपये प्रति विकल्प निर्धारित किया गया है। ESOPs का लाभ चार साल की अवधि में चरणबद्ध तरीके से मिलेगा। इसके अलावा, कैश इंसेंटिव का आधा हिस्सा तीन साल तक रोका जाएगा।

जॉइनिंग बोनस के रूप में मिलेंगे 7.35 करोड़ रुपये

अनूप बागची को एकमुश्त 7.35 करोड़ रुपये का जॉइनिंग बोनस देने का भी प्रस्ताव है। इसमें 3.19 करोड़ रुपये के Restricted Stock Units (RSU) और 4.16 करोड़ रुपये के ESOPs शामिल हैं। इन दोनों तरह के इंसेंटिव का लाभ चार साल में धीरे-धीरे मिलेगा।

बागची का नया प्रस्तावित सालाना पैकेज उनकी पिछली कंपनी ICICI Prudential Life Insurance में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान मिले पैकेज से काफी अधिक है। स्टॉक विकल्पों को शामिल करने पर उनका पैकेज करीब 18.9 करोड़ रुपये से बढ़कर 35.9 करोड़ रुपये हो सकता है। इस तरह उनके सालाना पैकेज में लगभग 90 फीसदी की बढ़ोतरी का अनुमान है।

देश के बड़े बैंकर्स की सैलरी कितनी है?

बैंकिंग सेक्टर के प्रमुख अधिकारियों के पैकेज पर नजर डालें तो HDFC Bank के मौजूदा CEO शशिधर जगदीशन को वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 28.65 करोड़ रुपये मिले थे। इसमें 14.71 करोड़ रुपये की ग्रॉस सैलरी और 13.53 करोड़ रुपये के स्टॉक ऑप्शन बेनिफिट शामिल थे।

इसी अवधि में HDFC Bank के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर कैजाद भरूचा को 26.32 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। दूसरी ओर, Kotak Mahindra Bank के CEO अशोक वासवानी को 17.24 करोड़ रुपये और ICICI Bank के CEO संदीप बख्शी को लगभग 10.64 करोड़ रुपये मिले।

27 अक्टूबर से संभालेंगे HDFC Bank की कमान

56 वर्षीय अनूप बागची 27 अक्टूबर से HDFC Bank के CEO की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। वह शशिधर जगदीशन की जगह लेंगे।

नई जिम्मेदारी के साथ बागची के सामने बैंक की रिटेल लोन ग्रोथ बढ़ाने, मार्जिन में सुधार करने और निवेशकों का भरोसा मजबूत करने जैसी अहम चुनौतियां होंगी। उनके नेतृत्व में बैंक इन क्षेत्रों में कैसा प्रदर्शन करता है, इस पर बाजार की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *