अहमदाबाद विमान हादसे में बचा एक यात्री, बोला- किसी करिश्मे से कम नहीं, अस्पताल में चल रहा इलाज

KNEWS DESK- अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 मंगलवार सुबह एक भयावह हादसे का शिकार हो गई। बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान टेक-ऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 12 क्रू मेंबर्स और 230 यात्री शामिल थे। इस दुर्घटना में एकमात्र जीवित बचने वाले यात्री रमेश विश्वास कुमार हैं, जो हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाए गए और उन्हें तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

रमेश विश्वास ने अस्पताल से बयान देते हुए कहा, “हादसे के बाद जोरदार धमाका हुआ। चारों तरफ आग की लपटें थीं। मुझे नहीं समझ आ रहा कि मैं कैसे बच गया। यह किसी करिश्मे से कम नहीं है।”

हादसे में अब तक 204 लोगों की मौत की पुष्टि की जा चुकी है, जबकि 41 लोग घायल हैं और अस्पतालों में उनका इलाज जारी है। अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने जानकारी देते हुए कहा कि राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी हैं।

इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मृत्यु की पुष्टि भी हो चुकी है। गुजरात बीजेपी अध्यक्ष सीआर पाटिल ने उनके निधन की जानकारी साझा करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। इसके अलावा, हादसे में कई मेडिकल छात्र और हॉस्टल के रेजिडेंट डॉक्टर्स भी शामिल थे, जिनके हताहत होने की खबरें हैं।

सरकारी एजेंसियां हादसे की जांच में जुटी हैं। विमान दुर्घटना का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टेक-ऑफ के तुरंत बाद तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया गया है। केंद्र सरकार ने पीड़ितों के परिजनों के लिए मुआवजे और घायलों के लिए बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

हवाई यात्रा के इतिहास में यह घटना एक और दुखद अध्याय बन गई है। देश भर से शोक संवेदनाएं जारी हैं और लोगों में इस हादसे को लेकर गहरा दुख और आक्रोश है।