KNEWS DESK- देव दीपावली पर इस बार काशी के घाट 11 लाख से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर दीप जलाए जाएंगे। इनमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार दीपक भी शामिल होंगे।
नावों के संचालन के लिए पहली बार टू-वे लेन
आयोजन के दौरान गंगा में नमो घाट से अस्सी घाट तक नावों के आवागमन के लिए पहली बार टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा। नावों के आने और लौटने के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित होंगे, जिससे टक्कर और अव्यवस्था की आशंका कम हो सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा की। गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर आयोजित होगा। चारों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
घाटों पर गंगा आरती और ड्रोन शो
देव दीपावली की शाम दशाश्वमेध घाट पर गंगा महाआरती होगी। चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो आयोजित किया जाएगा। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो होगा, जबकि धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी की जाएगी।
सुरक्षा और ट्रैफिक के पुख्ता इंतजाम
सुरक्षा के लिए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है। 27 वॉच टावर, ड्रोन कैमरों और त्वरित प्रतिक्रिया दलों से निगरानी होगी। एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वाटर एंबुलेंस तैनात रहेंगी। चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन बनाया जाएगा। शहर में यातायात व्यवस्था के लिए सात बाहरी डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी रोमियो स्क्वाड भी तैनात रहेगी।