Knews Desk– देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा फहराते ही भारतीय वायुसेना के दो Mi-17 हेलीकॉप्टरों ने लाल किले के ऊपर से पुष्प वर्षा की। ध्वजारोहण के साथ 21 तोपों की सलामी भी दी गई। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित किया।
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में इस बार देश के अलग-अलग क्षेत्रों से करीब 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें पीएम विश्वकर्मा योजना से जुड़े कारीगर, पीएम मुद्रा योजना की महिला उद्यमी, पीएम स्वनिधि योजना के स्ट्रीट वेंडर्स, भारत टैक्सी के ड्राइवर, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के स्वयंसेवक और MY Bharat के बेहतरीन स्वयंसेवक शामिल हैं। इसके अलावा पीएम आवास योजना-शहरी के बेहतर प्रदर्शन करने वाले लाभार्थियों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है।
इस साल लाल किले पर होने वाला स्वतंत्रता दिवस समारोह कई मायनों में खास है। समारोह में पहली बार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का विशेष प्रस्तुतीकरण किया गया। इस अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली विरासत को याद किया जा रहा है। साथ ही विकसित भारत @2047 के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका और उनकी ऊर्जा को भी केंद्र में रखा गया है। समारोह में सेना, नौसेना और वायुसेना के करीब 2,500 बालक और बालिका कैडेट्स के साथ MY Bharat के स्वयंसेवक भी हिस्सा ले रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। लाल किले और उसके आसपास कई स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। करीब 15 हजार सुरक्षाकर्मियों को विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों से तैनात किया गया है। इसके अलावा लाल किले पर लगभग 1,000 CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है।लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन स्वतंत्रता दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। 80वें स्वतंत्रता दिवस का यह समारोह देश की आजादी के गौरव के साथ-साथ विकसित भारत के संकल्प और युवा शक्ति की भूमिका को भी सामने ला रहा है। समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए विशेष अतिथियों की मौजूदगी ने भी आयोजन को खास बनाया।