Knews Desk- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान सदस्य देशों के बीच व्यापार और सहयोग बढ़ाने के लिए तीन अहम सुझाव दिए. उन्होंने ब्रिक्स बिजनेस काउंसिल से अपील की कि संगठन के आर्थिक विकास को नई गति देने के लिए ठोस लक्ष्य तय किए जाएं और हर साल उनकी प्रगति की समीक्षा की जाए.
पीएम मोदी ने कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों में ब्रिक्स की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है. यह समूह ग्लोबल इनोवेशन और समस्याओं के समाधान के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है.
प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स की बढ़ती आर्थिक ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि यह समूह दुनिया की करीब 50 फीसदी आबादी, 40 फीसदी GDP और 25 फीसदी से अधिक वैश्विक व्यापार का प्रतिनिधित्व करता है.
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में जहां दुनिया की GDP लगभग ढाई गुना बढ़ी है, वहीं ब्रिक्स देशों की कुल GDP में करीब साढ़े चार गुना वृद्धि हुई है. पीएम के मुताबिक, यह आंकड़े ब्रिक्स की तेजी से बढ़ती आर्थिक क्षमता को दर्शाते हैं.
पीएम मोदी ने सुझाए विकास के 3 लक्ष्य
पीएम मोदी ने ब्रिक्स देशों के कारोबार को मजबूत बनाने के लिए तीन स्पष्ट लक्ष्य सामने रखे. उन्होंने कहा कि इन लक्ष्यों पर काम करके सदस्य देश व्यापार, स्टार्टअप और कारोबारी साझेदारी के क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकते हैं.
- 10 बड़ी व्यापार बाधाएं हटाने का लक्ष्य: प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स बिजनेस काउंसिल से आग्रह किया कि सदस्य देशों के बीच कारोबार में आने वाली शीर्ष 10 बाधाओं को दूर करने का रिकॉर्ड बनाया जाए.
- 100 ब्रिक्स स्टार्टअप को नए बाजारों तक पहुंच: पीएम मोदी ने सुझाव दिया कि क्या 100 ब्रिक्स स्टार्टअप को दूसरे सदस्य देशों के बाजारों में विस्तार करने के लिए सहयोग दिया जा सकता है.
- 1000 नई कारोबारी साझेदारियां: उन्होंने ब्रिक्स देशों के कारोबारियों के बीच 1000 नई पार्टनरशिप विकसित करने का लक्ष्य भी रखा.
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन तीनों लक्ष्यों पर हर साल प्रगति की समीक्षा होनी चाहिए. उन्होंने उम्मीद जताई कि ब्रिक्स आगे बढ़ेगा और दुनिया की तरक्की में भी योगदान देगा.
पुतिन ने G7 की आर्थिक भूमिका पर उठाए सवाल
ब्रिक्स बिजनेस फोरम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी संबोधन दिया. इस दौरान उन्होंने G7 देशों की वैश्विक आर्थिक भूमिका पर सवाल उठाए और ब्रिक्स के बढ़ते प्रभाव का जिक्र किया.
पुतिन ने कहा कि दुनिया की आर्थिक वृद्धि में ब्रिक्स देशों का योगदान महत्वपूर्ण है. उनके मुताबिक, वैश्विक अर्थव्यवस्था में नए विकास केंद्र और ग्रोथ इंजन उभर रहे हैं, जिनमें ब्रिक्स की भूमिका लगातार बढ़ रही है.
रूसी राष्ट्रपति ने पश्चिमी प्रतिबंधों के बावजूद रूस की अर्थव्यवस्था में मजबूती का दावा किया. उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों की आर्थिक हिस्सेदारी और प्रभाव लगातार बढ़ रहा है.