काजीरंगा में पीएम मोदी: विकास, विरासत और कांग्रेस की गिरती साख पर खुलकर कही अपनी बात

डिजिटल डेस्क- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का असम दौरा सिर्फ विकास परियोजनाओं के उद्घाटन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह राजनीतिक संदेशों और भावनात्मक जुड़ाव से भी भरा रहा। काजीरंगा की धरती से पीएम मोदी ने न सिर्फ असम के प्रति अपना अपनापन जताया, बल्कि देश की राजनीति, भाजपा के बढ़ते जनसमर्थन और कांग्रेस की गिरती साख पर भी खुलकर बात की। प्रधानमंत्री ने कहा कि काजीरंगा उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने दो साल पहले काजीरंगा नेशनल पार्क में बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि हाथी सफारी, जंगल में रात बिताने और प्रकृति के इतने करीब रहने का अनुभव आज भी उन्हें याद है। पीएम मोदी ने कहा कि असम की सुंदरता ऐसी है जो आंखों से सीधे दिल में उतर जाती है। उन्होंने इसे सिर्फ पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि भारत की प्राकृतिक विरासत का अनमोल हिस्सा बताया।

भाजपा बनी देश की पहली पसंद- पीएम मोदी

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा को देश की ‘पहली पसंद’ बताते हुए कहा कि बीते एक-डेढ़ वर्षों में जनता का भरोसा लगातार बढ़ा है। उन्होंने बिहार चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि 20 वर्षों बाद भी भाजपा को वहां रिकॉर्ड वोट और सीटें मिलना जनता के विश्वास का प्रमाण है। पीएम मोदी ने कहा कि यह भरोसा किसी एक राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में दिखाई दे रहा है। महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों का हवाला देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बड़े शहरों में भाजपा को पहली बार रिकॉर्ड जनादेश मिला है। उन्होंने कहा कि जीत भले ही मुंबई में हुई हो, लेकिन उसका जश्न काजीरंगा में मन रहा है। पीएम के इस बयान को भाजपा की राष्ट्रीय स्वीकार्यता और बदलते राजनीतिक मिजाज से जोड़कर देखा जा रहा है।

देश का वोटर नकारात्मक राजनीति नकार रहा है- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश का वोटर अब नकारात्मक राजनीति को नकार रहा है। उन्होंने कहा कि जिस मुंबई में कांग्रेस का जन्म हुआ, वहां आज वह चौथे-पांचवें नंबर की पार्टी बन चुकी है। महाराष्ट्र, जहां कांग्रेस ने लंबे समय तक शासन किया, वहां भी वह सिमट गई है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के पास विकास का कोई स्पष्ट एजेंडा नहीं है, जबकि भाजपा सुशासन, विकास और विरासत को साथ लेकर चल रही है। केरल का उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वहां भी भाजपा को ऐतिहासिक समर्थन मिला है और पहली बार भाजपा का मेयर बना है। उन्होंने कहा कि राजधानी तिरुवनंतपुरम में भाजपा सेवा भाव से काम कर रही है और यही वजह है कि जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

विकास भी, विरासत भी’ भाजपा का मूल मंत्र- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने दोहराया कि आज का मतदाता सिर्फ वादे नहीं, बल्कि ठोस काम देखना चाहता है। उन्होंने कहा कि ‘विकास भी, विरासत भी’ भाजपा का मूल मंत्र है और असम में शुरू की गई रेल और सड़क परियोजनाएं इसी सोच का उदाहरण हैं। पीएम मोदी के मुताबिक, काजीरंगा से दिया गया यह संदेश साफ है कि भाजपा विकास, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत—तीनों को एक साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *