PoK में हिंसा के बीच 7 लोगों की मौत, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर फायरिंग और ड्रोन हमले के आरोप

PoK के रावलकोट में प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़कने का दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा बलों पर निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग करने और ड्रोन से हमले करने के आरोप लगे हैं। शुरुआती दो घंटे में 7 लोगों की मौत और 23 से ज्यादा लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।

KNEWS DESK- पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के रावलकोट में गुरुवार सुबह प्रदर्शन के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जॉइंट आवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के बैनर तले लोग प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पाकिस्तानी सेना, रेंजर्स, फ्रंटियर कॉर्प्स और पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

रिपोर्ट के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को चारों तरफ से घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। दावा है कि शुरुआती दो घंटे के भीतर 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी के साथ ड्रोन के जरिए भी हमले किए गए। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

बताया जा रहा है कि PoK में यह तनाव 7 जून से जारी है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस दौरान अब तक 153 लोगों की मौत हो चुकी है। अवामी एक्शन कमेटी की 38 मांगों को लेकर जारी विरोध के बीच सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ने की बात कही गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों की मांगों को लेकर स्थिति लगातार तनावपूर्ण बनी हुई है। हिंसा में आम नागरिकों के मारे जाने और घायल होने के आरोपों के बीच इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *