भर्ती परीक्षाओं पर संकट! 11 दिनों में 28+ एग्जाम रद्द, कई भर्तियां जांच के घेरे में

Knews Desk: देशभर में भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कई राज्यों में छात्र सड़कों पर उतरकर परीक्षाओं में गड़बड़ी, पेपर लीक और पारदर्शिता की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच पिछले 11 दिनों में 28 से ज्यादा भर्ती परीक्षाओं के रद्द होने का मामला सामने आया है। कई परीक्षाएं स्थगित की गई हैं, जबकि कुछ भर्तियां जांच के दायरे में हैं।

सबसे ज्यादा असर झारखंड में देखने को मिला है, जहां छात्र आंदोलन के बाद सरकार ने बड़ी संख्या में भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया। इसके अलावा UGC NET, महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग और मध्य प्रदेश में भी अलग-अलग परीक्षाओं को रद्द किया गया है। वहीं बिहार में 70वीं BPSC परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है।

झारखंड में 22 भर्ती परीक्षाएं रद्द

झारखंड सरकार ने 18 और 19 अगस्त को लिए फैसले में 22 भर्ती परीक्षाओं को रद्द, 6 को स्थगित और 17 परीक्षाओं की CID जांच कराने का फैसला किया। रद्द की गई परीक्षाओं में JSSC CGL, JPSC सिविल सर्विस, ड्रग इंस्पेक्टर, डेंटल डॉक्टर, असिस्टेंट प्रोफेसर, पॉलिटेक्निक लेक्चरर, सिविल जज, असिस्टेंट इंजीनियर, फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर और असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट जैसी भर्तियां शामिल हैं।

इन परीक्षाओं को लेकर गड़बड़ी और कथित साठगांठ के आरोप सामने आए थे। बताया गया कि इनमें से कई परीक्षाएं निजी एजेंसी TDPL के जरिए आयोजित कराई गई थीं। हालांकि, कुछ परीक्षाओं को रद्द करने के फैसले पर हाईकोर्ट की ओर से रोक भी लगाई जा चुकी है।

UGC NET के तीन विषयों की परीक्षा रद्द

NTA ने 16 अगस्त को UGC NET जून 2026 के तीन विषयों की परीक्षा रद्द कर दी। इनमें इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी शामिल थे। NTA ने पेपर में स्पेलिंग और प्रिंटिंग से जुड़ी गलतियों को रद्द करने की वजह बताया। हालांकि, अभ्यर्थियों ने कुछ सवालों के पिछले वर्ष के प्रश्नों से हूबहू मिलते-जुलते होने का भी आरोप लगाया था।

MPSC ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती पर भी गिरी गाज

महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग ने ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को भी रद्द कर दिया। परीक्षा में अनियमितता और कथित पेपर लीक को लेकर लंबे समय से सवाल उठ रहे थे। सामने आए सबूतों और अपराध अन्वेषण शाखा की रिपोर्ट के बाद आयोग ने भर्ती प्रक्रिया रद्द करने का फैसला लिया। रिपोर्ट में परीक्षा में अनियमितता की पुष्टि होने की बात सामने आई।

MP में 1040 पदों की भर्ती रद्द

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने ग्रुप-3 के तहत सब इंजीनियर, मानचित्रकार और अन्य समकक्ष पदों की संयुक्त भर्ती परीक्षा रद्द कर दी है। इस भर्ती के तहत 1040 पदों पर नियुक्तियां होनी थीं। विभागों से अतिरिक्त रिक्तियों की जानकारी आने के बाद विज्ञापन में बदलाव संभव नहीं होने के चलते पूरी प्रक्रिया रद्द कर नए सिरे से आवेदन मांगे जाएंगे।

AIAPGET में एक सेंटर की परीक्षा रद्द

22 अगस्त को आयोजित AIAPGET 2026 के दौरान जयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर बिजली गुल होने के बाद हंगामा हुआ। जनरेटर शुरू नहीं होने के कारण वहां परीक्षा प्रभावित हुई। इसके बाद NTA ने उस केंद्र पर परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों की परीक्षा रद्द कर दी।

बिहार में 70वीं BPSC पर जारी आंदोलन

बिहार में 70वीं BPSC परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में अनियमितताएं हुईं और पेपर लीक से जुड़े मामले सामने आए। इसी मांग को लेकर पटना में छात्रों ने प्रदर्शन किया, जिसके दौरान पुलिस की कार्रवाई भी देखने को मिली।

लगातार परीक्षाओं के रद्द होने और जांच के मामलों ने देश की भर्ती परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों की मांग है कि परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *