गुजरात के वडोदरा में 18 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराये गए स्कूल परिसर

डिजिटल डेस्क- गुजरात में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। वडोदरा शहर के 18 स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी दी गई, जिसमें दोपहर 1:11 बजे विस्फोट करने की बात कही गई थी। धमकी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। कई स्कूलों में एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी गई, जबकि उर्मि स्कूल का हॉस्टल भी खाली करा लिया गया। घटना ऐसे समय सामने आई है जब हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah का दौरा संपन्न हुआ था। इसे देखते हुए पुलिस ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है। वडोदरा शहर पुलिस की टीमें, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड के साथ सभी स्कूल परिसरों की सघन जांच कर रही हैं। अब तक कई स्कूलों की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

खालिस्तानी समूह के नाम से भेजा गया है ईमेल

धमकी भरा ईमेल कथित रूप से खालिस्तानी समूह के नाम से भेजा गया है। मेल में प्रधानमंत्री Narendra Modi और गृह मंत्री अमित शाह का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस की साइबर सेल ईमेल के स्रोत और तकनीकी जानकारी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि पहले भी अहमदाबाद और वडोदरा के कुछ स्कूलों को इसी तरह के ईमेल मिल चुके हैं। वडोदरा पुलिस कमिश्नर नरसिम्हा कोमार ने सभी स्कूलों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों को भेजी गई धमकी

सुबह शुरुआत में तीन स्कूलों को धमकी मिलने की जानकारी थी, लेकिन बाद में संख्या बढ़कर 18 हो गई। इनमें शहर और ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल शामिल हैं। अहमदाबाद के भी कुछ स्कूलों को इसी तरह के मेल मिलने की खबर है, जिनकी जांच जारी है। एक साथ इतने स्कूलों को धमकी मिलने से अभिभावकों में दहशत फैल गई। जिन स्कूलों को धमकी नहीं मिली, उन्होंने भी एहतियातन अभिभावकों को संदेश भेजकर स्थिति सामान्य होने की जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।