डिजिटल डेस्क- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व बर्धमान जिले के कटवा से चुनावी अभियान को धार देते हुए राज्य के सियासी मिजाज का बड़ा संदेश दिया। उन्होंने रैली से पहले एक वीडियो शेयर कर जनता की भारी भीड़ दिखाते हुए कहा कि “आप खुद देख सकते हैं कि बंगाल का मिजाज क्या है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उनकी दिन की पहली सभा है और केवल हेलीपैड पर ही हजारों की संख्या में लोग, खासकर युवा, महिलाएं और माताएं मौजूद हैं। उन्होंने इस दृश्य को “अद्भुत” बताते हुए कहा कि जनता का यह उत्साह आने वाले चुनाव परिणामों की झलक है। उन्होंने कहा कि लोग उनकी जनसभा का इंतजार कर रहे हैं, इसलिए उन्हें जल्द ही सभा स्थल के लिए रवाना होना होगा।
घुसपैठिए अपना बोरिया-बिस्तर बांधना शुरू कर दें… – पीएम मोदी
कटवा की जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने राज्य में घुसपैठ के मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “घुसपैठिए अपना बोरिया-बिस्तर बांधना शुरू कर दें, अब जाने का समय आ गया है।” साथ ही उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अवैध प्रवासियों की मदद करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि बर्धमान में उमड़ी यह भीड़ “खेला करने वालों” के लिए एक स्पष्ट संकेत है और यह 4 मई को आने वाले चुनाव परिणामों का ट्रेलर है। उन्होंने जनता के जोश और ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि यह “भय पर भरोसे की जीत” का उद्घोष है और बंगाल अब परिवर्तन के लिए पूरी तरह तैयार है। पीएम मोदी ने अन्य राज्यों में हुए मतदान का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया किअसम, केरल और पुडुचेरी में भारी मतदान हुआ है और बड़ी संख्या में महिलाएं वोट डालने के लिए बाहर निकली हैं। उन्होंने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग की सराहना भी की।
भाजपा जारी करेगी व्हाइट पेपर- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां भी बड़ी संख्या में मतदान हुआ है और महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी दिखाई है, वहां भारतीय जनता पार्टी और एनडीए को प्रचंड बहुमत मिला है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में भी इसी तरह के परिणाम आने का भरोसा जताया। टीएमसी पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि “मोदी की गारंटी” राज्य में भय के माहौल को खत्म कर भरोसे में बदलने की है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक व्हाइट पेपर जारी करेगी, जिसमें टीएमसी सरकार के पिछले 15 वर्षों के कार्यकाल का पूरा हिसाब होगा। इसमें भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और कथित गुंडाराज से जुड़े मामलों का कानूनी तरीके से खुलासा किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने संकल्प लिया है कि वह बंगाल को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। हाल ही में जारी किए गए पार्टी के घोषणापत्र में जनता से किए गए वादों को पूरा करने का विस्तृत रोडमैप दिया गया है। पीएम मोदी ने इस घोषणापत्र के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना भी की।