पश्चिम बंगाल पुलिस में बड़ा प्रशासनिक उलटफेर, 22 आईपीएस अधिकारियों का तबादला, पीयूष पांडे बने कार्यवाहक डीजीपी

डिजिटल डेस्क- पश्चिम बंगाल सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए एक साथ 22 आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों का आदेश जारी किया है। इस बदलाव में राज्य के शीर्ष पदों से लेकर जिला स्तर तक व्यापक परिवर्तन किए गए हैं। माना जा रहा है कि यह कदम कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा प्रशासनिक ढांचे को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। सबसे अहम बदलाव राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पद पर हुआ है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राजीव कुमार के रिटायर होने के बाद पीयूष पांडे को कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया गया है। पीयूष पांडे प्रशासनिक अनुभव के लिए जाने जाते हैं और उनकी नियुक्ति को सरकार का भरोसेमंद फैसला माना जा रहा है।

कोलकाता के नए पुलिस कमिश्नर बने सुप्रतिम सरकार

कोलकाता पुलिस कमिश्नरेट में भी बड़ा बदलाव किया गया है। सुप्रतिम सरकार को कोलकाता का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। इससे पहले वे दक्षिण बंगाल के एडीजी के रूप में कार्यरत थे। वहीं, मौजूदा पुलिस कमिश्नर मनोज कुमार वर्मा को राज्य का सुरक्षा निदेशक नियुक्त किया गया है। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभागों में भी फेरबदल किया गया है। एसटीएफ के एडीजी विनीत कुमार गोयल को एडीजी (कानून-व्यवस्था) बनाया गया है और उन्हें भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, जावेद शमीम को एसटीएफ का नया एडीजी नियुक्त किया गया है और उनके पास इंटेलिजेंस ब्यूरो की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी रहेगी।

रेंज स्तर पर भी हुई कई तबादले

रेंज स्तर पर भी कई अहम तबादले किए गए हैं। अमित पी जावलगी को बारासात रेंज का आईजीपी बनाया गया है, जबकि आलोक राजोरिया को बर्दवान रेंज का डीआईजी नियुक्त किया गया है। हाल ही में हिंसा को लेकर चर्चा में रहे मुर्शिदाबाद जिले के एसपी कुमार सन्नी राज को हटाकर इंटेलिजेंस ब्यूरो भेज दिया गया है। उनकी जगह धृतिमान सरकार को मुर्शिदाबाद का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। अन्य तबादलों में प्रतीक्षा झरखरिया को दार्जिलिंग का एसपी, दिनेश कुमार को कोलकाता पुलिस के नॉर्थ डिवीजन का डीसी और दीपक सरकार को डीसी साउथ बनाया गया है। देबजानी दत्ता को सियालदह रेलवे पुलिस अधीक्षक (SRP) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *