पश्चिमी विक्षोभ कमजोर, अब शुरू होगा भीषण गर्मी का दौर, आने वाले दिनों में 45°C तक पहुंच सकता है पारा

डिजिटल डेस्क- देशभर में पिछले कुछ दिनों से जारी सुहावने मौसम का दौर अब खत्म होने जा रहा है। बारिश, ठंडी हवाओं और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण लोगों को अभी तक गर्मी का एहसास नहीं हो रहा था, लेकिन अब मौसम तेजी से करवट ले रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में तेज बढ़ोतरी होगी और कई राज्यों में पारा 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। I भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी भारत में मौसम को ठंडा बनाए रखने वाले पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ चुके हैं। इसकी वजह से आसमान साफ हो गया है और सूरज की तेज किरणें सीधे धरती पर पड़ रही हैं, जिससे तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है।

महाराष्ट्र के अकोला में पहुंचा 42 डिग्री तापमान

पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र के अकोला में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो इस बात का संकेत है कि गर्मी का प्रकोप अब तेज होने वाला है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में आने वाले दिनों में तापमान 3 से 6 डिग्री तक बढ़ सकता है। दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो फिलहाल तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य माना जा रहा है। लेकिन 15 अप्रैल तक इसमें तेजी से उछाल आने की संभावना है और पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। इसके साथ ही गर्म हवाएं भी चलनी शुरू हो जाएंगी, जिससे लोगों को लू का सामना करना पड़ सकता है।

मध्य भारत और दक्षिण भारत में दिखने लगा है गर्मी का प्रकोप

मध्य और दक्षिण भारत में गर्मी का असर पहले ही दिखने लगा है। सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना जताई गई है। वहीं ओडिशा, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। दक्षिण भारत के राज्यों आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल के तटीय इलाकों में गर्मी के साथ नमी भी अधिक रहेगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ेगी। हालांकि, पूर्वोत्तर भारत के लोगों को फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद है। सिक्किम में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है, जो पूरे सप्ताह जारी रह सकती है। इसके प्रभाव से अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में मौसम सुहावना बना रहेगा।

जून के मध्य में गर्मी सामान्य से रहेगी अधिक

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस साल अप्रैल से जून के बीच गर्मी सामान्य से अधिक रह सकती है। ऐसे में लोगों को अभी से सतर्क रहने की जरूरत है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें और अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को ढककर रखें। किसानों के लिए भी विशेष चेतावनी जारी की गई है। उन्हें सलाह दी गई है कि गेहूं और चने की कटाई जल्द से जल्द पूरी कर लें, ताकि तेज गर्मी के कारण फसल को नुकसान न पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *