Vande Bharat का खाना खाकर बिगड़ा महिला का चेहरा? IRCTC ने दिया ये जवाब…

KNEWS DESK- देश की प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस फिर एक बार अपने खाने की क्वालिटी को लेकर सवालों के घेरे में है। वाराणसी से देवघर जा रही ट्रेन में सफर कर रही आयुषी सिंह और उनके दो साल के बेटे की तबीयत खाने के तुरंत बाद बिगड़ गई। इस घटना की तस्वीरें और मेडिकल रिपोर्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, 27 मार्च को ट्रेन संख्या 22500 के कोच ई1 में आयुषी अपने परिवार के साथ यात्रा कर रही थीं। उनका आरोप है कि ट्रेन में परोसा गया खाना खाने के कुछ ही देर बाद उन्हें एलर्जी हुई और उनके होंठ सूज गए। वहीं, उनके बेटे को दस्त की समस्या शुरू हो गई। आयुषी ने ट्रेन में दिए गए पीने के पानी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए और कहा कि अगर समय पर इलाज नहीं मिलता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

सोशल मीडिया पर वायरल रिपोर्ट और तस्वीरों के बाद IRCTC ने प्रतिक्रिया दी। IRCTC ने दावा किया कि उस दिन परोसे गए खाने के सैंपल की जांच की गई और यह सुरक्षित पाया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि ट्रेन में खाने की क्वालिटी को लेकर कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।

IRCTC ने आयुषी सिंह से संपर्क कर पूरी जानकारी मांगी है और घटना की विस्तृत जांच करने का आश्वासन दिया है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा और निगरानी को और सख्त किया जाएगा। इस घटना ने यात्री सुरक्षा और वंदे भारत एक्सप्रेस की फूड क्वालिटी को लेकर सवालों को फिर से ताजा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *