KNEWS DESK – चीन में इन दिनों एक बेहद अनोखा वेलनेस ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. बड़े शहरों में ‘स्टॉर्म बाथ स्पा’ का कॉन्सेप्ट लोगों को खासा आकर्षित कर रहा है. इस स्पा में नहाने के दौरान ऐसा माहौल बनाया जाता है मानो आप असली तूफान के बीच मौजूद हों. बिजली की चमक, बादलों की गड़गड़ाहट और तेज बारिश जैसी कृत्रिम परिस्थितियों के बीच लोग नहाते हैं और इसे एक अलग तरह का रिलैक्सिंग अनुभव बताया जा रहा है. यही वजह है कि यह ट्रेंड अब चीन में तेजी से फैल रहा है.
दरअसल, यह स्पा सिर्फ एक सामान्य बाथ सेशन नहीं होता, बल्कि इसे वेलनेस और एडवेंचर का अनोखा मिश्रण माना जा रहा है. दावा किया जाता है कि इस तरह का अनुभव मानसिक तनाव को कम करने और भावनात्मक रूप से सुकून देने में मदद करता है. इसी कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ विदेशी पर्यटक भी इसे आजमाने के लिए उत्साहित दिख रहे हैं.
रूसी व्लॉगर अलीना लासीना ने ‘द पेपर’ को दिए इंटरव्यू में बताया कि रूस में स्पा सेशन आमतौर पर दो से तीन घंटे तक चलते हैं, जहां लोग नहाने, मसाज और सौना का आनंद लेते हैं. लेकिन शंघाई में स्पा का अनुभव इससे अलग है, क्योंकि यहां कई जगहों पर लोगों को पूरी रात रुकने की सुविधा भी दी जाती है. ऐसे में ‘स्टॉर्म बाथ स्पा’ जैसे नए अनुभव ने इस ट्रेंड को और भी रोमांचक बना दिया है.
हालांकि इस अनोखे स्पा की शुरुआत चीन में नहीं, बल्कि इटली में हुई थी. वहां पढ़ाई कर रहे चीनी छात्रों के बीच यह काफी लोकप्रिय हुआ. उस समय इस अनुभव के लिए करीब 1000 युआन (लगभग 140 अमेरिकी डॉलर) तक खर्च करने पड़ते थे और लोग इसे आजमाने के लिए लंबी लाइन में इंतजार करते थे. अब यही कॉन्सेप्ट चीन पहुंच चुका है और तेजी से फैल रहा है.
फिलहाल बीजिंग, शंघाई और ग्वांगझोऊ जैसे बड़े शहरों में यह स्पा खासा चर्चा में है. इसके अलावा उत्तरी चीन के हेबेई प्रांत के शिजियाझुआंग और इनर मंगोलिया के बाओटौ जैसे शहरों में भी इसकी लोकप्रियता बढ़ रही है.
इस स्पा की सबसे बड़ी खासियत इसका माहौल है. पूल के ऊपर लगाए गए पानी के जेट तेज बारिश का अहसास कराते हैं, जबकि आसपास लगी बड़ी स्क्रीन पर बिजली कड़कने और तूफान के दृश्य दिखाए जाते हैं. इसके साथ ही बादलों की गड़गड़ाहट और मूसलाधार बारिश की आवाज भी सुनाई देती है. इस पूरे सेटअप के बीच नहाने का अनुभव लोगों को ऐसा महसूस कराता है जैसे वे सचमुच किसी तूफान के बीच खड़े हों. यही अनोखा अनुभव इस ‘स्टॉर्म बाथ स्पा’ को बाकी स्पा से अलग बनाता है और इसी वजह से यह ट्रेंड तेजी से लोगों को आकर्षित कर रहा है.