KNEWS DESK- लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लगातार नए फीचर्स पर काम करता रहता है। अब कंपनी एक ऐसे प्राइवेसी फीचर की तैयारी कर रही है, जिससे मैसेज पढ़ते ही अपने आप गायब हो जाएगा। इस नए फीचर को ‘After Reading’ नाम दिया गया है।
क्या है ‘After Reading’ फीचर?
WhatsApp के इस नए फीचर का मकसद यूजर्स को चैट पर ज्यादा कंट्रोल देना है। रिपोर्ट के अनुसार, जैसे ही रिसीवर मैसेज पढ़ेगा, उसके बाद एक टाइमर शुरू हो जाएगा और तय समय के बाद मैसेज खुद ही डिलीट हो जाएगा।
WhatsApp डेवलपमेंट को ट्रैक करने वाली वेबसाइट WABetaInfo के मुताबिक मैसेज पढ़ते ही 15 मिनट का काउंटडाउन शुरू होगा। टाइम पूरा होने पर मैसेज दोनों यूजर्स की चैट से हट जाएगा। अगर मैसेज नहीं पढ़ा गया, तो वह 24 घंटे तक रहेगा। 24 घंटे बाद बिना पढ़े भी मैसेज ऑटो-डिलीट हो जाएगा। यह फीचर फिलहाल Android बीटा वर्जन 2.26.12.2 में देखा गया है, लेकिन अभी टेस्टिंग के लिए उपलब्ध नहीं है।
किन यूजर्स के लिए होगा फायदेमंद?
यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी होगा जो अक्सर संवेदनशील जानकारी शेयर करते हैं, जैसे OTP, पासवर्ड, एड्रेस, वेरिफिकेशन कोड इससे चैट हिस्ट्री में प्राइवेट जानकारी के सेव रहने का खतरा कम हो जाएगा।
रिपोर्ट के अनुसार, यह नया फीचर तब भी काम करेगा जब यूजर ने Read Receipts (ब्लू टिक) बंद कर रखे हों। यानी बिना ब्लू टिक दिखे भी मैसेज पढ़ते ही ऑटो-डिलीट प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
Disappearing Messages से कैसे अलग है?
अभी WhatsApp में Disappearing Messages फीचर मिलता है, जिसमें 24 घंटे, 7 दिन, 90 दिन के विकल्प मौजूद हैं। लेकिन नया ‘After Reading’ फीचर इससे अलग होगा, क्योंकि इसमें मैसेज पढ़ने के तुरंत बाद ही 15 मिनट में गायब हो जाएगा।
कब तक आएगा यह फीचर?
फिलहाल कंपनी की ओर से इस फीचर के आधिकारिक रोलआउट की तारीख का खुलासा नहीं किया गया है। यह अभी डेवलपमेंट स्टेज में है और जल्द ही बीटा टेस्टिंग के लिए उपलब्ध हो सकता है।
WhatsApp का यह नया ‘After Reading’ फीचर प्राइवेसी के लिहाज से एक बड़ा अपडेट साबित हो सकता है। खासकर उन यूजर्स के लिए, जो अपनी पर्सनल जानकारी को सुरक्षित रखना चाहते हैं, यह फीचर काफी उपयोगी साबित होगा।