KNEWS DESK- गूगल ने भारतीय यूजर्स के लिए Google Photos ऐप में एक बेहद खास AI-पावर्ड फीचर रोलआउट करना शुरू कर दिया है। इस नए फीचर की मदद से अब फोटो एडिटिंग पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गई है। यूजर्स अब स्लाइडर या जटिल टूल्स के झंझट में पड़े बिना सिर्फ बोलकर या लिखकर अपनी तस्वीरों में बदलाव कर सकेंगे।
यह नया फीचर Gemini AI पर आधारित है और खासतौर पर भारतीय यूजर्स की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पेश किया गया है।
अब शब्दों से बदलेगी आपकी तस्वीर
गूगल के अनुसार, यूजर्स अब Google Photos को कमांड दे सकते हैं जैसे— बैकग्राउंड ब्लर करना, विंडो की रिफ्लेक्शन हटाना या फोटो की लाइटिंग बेहतर करना। इतना ही नहीं, एक ही कमांड में कई बदलाव भी किए जा सकते हैं, जैसे फोटो को सीधा करना, शैडो ठीक करना और रंगों को ज्यादा शार्प बनाना। इसका उद्देश्य उन यूजर्स के लिए फोटो एडिटिंग को आसान बनाना है, जिन्हें प्रोफेशनल एडिटिंग टूल्स की जानकारी नहीं होती।
फोटो में लोगों से जुड़े स्मार्ट बदलाव भी होंगे संभव
यह नया फीचर सिर्फ बैकग्राउंड एडिटिंग तक सीमित नहीं है। यूजर्स फोटो में मौजूद लोगों से जुड़े बदलाव भी कर सकेंगे।
जैसे किसी दोस्त का चश्मा हटाना, बंद आंखें खोलना या चेहरे पर मुस्कान जोड़ना। गूगल का कहना है कि यह फीचर प्राइवेट फेस ग्रुप्स की मदद से ज्यादा सटीक रिजल्ट देता है, खासकर ग्रुप फोटो में जहां छोटी-छोटी डिटेल्स अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं।
Nano Banana फीचर से मिलेगा फोटो को क्रिएटिव टच
Google Photos में Nano Banana नाम का नया फीचर भी जोड़ा गया है, जो फोटो को पूरी तरह नया लुक देने में मदद करता है। इसकी मदद से यूजर्स कमरे में फर्नीचर जोड़ सकते हैं, फोटो का फ्रेम बढ़ा सकते हैं, पुरानी तस्वीरों को रीस्टोर कर सकते हैं या लोगों और पालतू जानवरों को नए सीन में दिखा सकते हैं। यह फीचर उन यूजर्स के लिए खास है, जो फोटो को सिर्फ सुधारना नहीं बल्कि क्रिएटिव तरीके से बदलना चाहते हैं।
भारतीय भाषाओं का सपोर्ट और AI बदलावों में पारदर्शिता
गूगल ने साफ किया है कि ये नए AI फोटो एडिटिंग फीचर्स हिंदी, तमिल, तेलुगु, मराठी, बंगाली और गुजराती समेत कई भारतीय भाषाओं में काम करेंगे। इसके साथ ही Google Photos में C2PA कंटेंट क्रेडेंशियल्स भी जोड़े जा रहे हैं, जिससे यह साफ पता चल सकेगा कि किसी फोटो में AI के जरिए क्या बदलाव किए गए हैं। इससे एडिटेड तस्वीरों को लेकर पारदर्शिता बढ़ेगी और यूजर्स का भरोसा भी मजबूत होगा।