K News Desk top – टेक दुनिया में एआई की रेस को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। एलन मस्क ने एक पोस्ट के जवाब में ऐसी भविष्यवाणी कर दी है, जिसने बहस छेड़ दी है कि आखिर इस रेस का असली ‘धुरंधर’ कौन होगा।
दरअसल, एक्सएआई के फाउंडर मस्क ने कहा कि एआई की वैश्विक दौड़ में अलग-अलग स्तरों पर अलग विजेता होंगे। उनके मुताबिक, पश्चिमी देशों में एआई रेस गूगल जीत सकता है, जबकि धरती पर चीन बढ़त बना सकता है। वहीं स्पेस सेक्टर में उनकी कंपनी स्पेसएक्स सबसे आगे रहेगी।
मस्क का यह बयान बिंडी रेड्डी के एक पोस्ट के जवाब में आया। रेड्डी, जो अबैकस एआईकी सीईओ और गूगल की पूर्व कर्मचारी रह चुकी हैं, उन्होंने जेमिनी 3.0 मॉडल को लेकर निराशा जताई थी। उनका कहना था कि यह मॉडल उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा, जिसके चलते अभी भी कई यूजर्स को 2.5 वर्जन पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
रेड्डी ने सुझाव दिया कि सुंदर पिचाई की कंपनी को एआई मॉडल्स की ट्रेनिंग के लिए बड़े स्तर पर एक साथ कई एक्सपेरिमेंट करने चाहिए, ताकि प्रतिस्पर्धा में आगे निकला जा सके।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मस्क ने साफ शब्दों में कहा—“गूगल पश्चिम में एआई रेस जीतेगा, चीन धरती पर और स्पेसएक्स स्पेस में।”
मस्क की इस भविष्यवाणी ने एक बार फिर एआई की वैश्विक होड़ को लेकर नई बहस छेड़ दी है, जहां अमेरिका, चीन और प्राइवेट कंपनियों के बीच मुकाबला और तेज होता नजर आ रहा है।