टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत की जीत पर मुरीद हुए सचिन तेंदुलकर, जमकर की की तारीफ

डिजिटल डेस्क- भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 का आगाज़ जीत के साथ किया, लेकिन यह जीत जितनी आसान दिखती है, उतनी रही नहीं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत का सामना अमेरिका (USA) से था। मुकाबले से पहले उम्मीद की जा रही थी कि भारत के विस्फोटक बल्लेबाज अमेरिकी गेंदबाजी पर हावी रहेंगे, लेकिन मैच के शुरुआती ओवरों में टीम इंडिया पूरी तरह दबाव में नजर आई। भारतीय टीम एक समय गंभीर संकट में फंस गई थी, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव की 84 रनों की नाबाद और संयमित पारी ने मैच का रुख बदल दिया। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत भारत 20 ओवर में 161 रन बनाने में सफल रहा और अंततः मुकाबला 29 रनों से जीत लिया।

शुरुआती झटकों से लड़खड़ाई टीम इंडिया

मैच में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा गोल्डन डक पर आउट हो गए। इसके बाद छठे ओवर तक भारत के तीन प्रमुख बल्लेबाज तिलक वर्मा, ईशान किशन और शिवम दुबे पवेलियन लौट चुके थे। हालात इतने खराब हो गए थे कि भारत का स्कोर और रनरेट दोनों दबाव में थे। इसके बाद भी मुश्किलें कम नहीं हुईं। रिंकू सिंह और हार्दिक पंड्या भी दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके। अमेरिका की गेंदबाजी ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम की कमजोरियों को उजागर कर दिया और मैच पूरी तरह खुला नजर आने लगा।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी ने बदली तस्वीर

ऐसे कठिन हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 49 गेंदों में 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 84 रन बनाए। अक्षर पटेल ने भी उनका अच्छा साथ निभाया, जिससे भारत 100 रन के पार पहुंच सका और आखिरकार सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच गया। सूर्यकुमार की यह पारी सिर्फ आक्रामक नहीं, बल्कि अनुभव, धैर्य और मैच की समझ का बेहतरीन उदाहरण थी।

सचिन तेंदुलकर ने क्या कहा?

मैच के बाद क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अमेरिकी टीम की जमकर तारीफ की। सचिन ने लिखा, “शुरुआत थोड़ी तनाव भरी थी, लेकिन टीम इंडिया के लिए अंत अच्छा रहा। जब नई टीमें ऐसे मंच पर अच्छा प्रदर्शन करती हैं, तो क्रिकेट का वैश्विक विकास तेजी से होता है। यूएस क्रिकेट टीम ने यही किया, उनकी एनर्जी और जोश उम्मीद जगाने वाला था।” सचिन ने आगे लिखा कि अमेरिका भारत को मुश्किल में डालने के बेहद करीब था, लेकिन सूर्यकुमार यादव के अनुभव और दबाव में शांत रहने की क्षमता ने भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने अपना काम बखूबी किया। उन्होंने अंत में कहा, “बहुत बढ़िया टीम इंडिया। जीत के साथ शुरुआत करना हमेशा अच्छा होता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *