सोफी डिवाइन ने वनडे क्रिकेट से लिया संन्यास, 2025 वर्ल्ड कप होगा आखिरी टूर्नामेंट

KNEWS DESK-  न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर और कप्तान सोफी डिवाइन ने वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। उन्होंने साफ कर दिया है कि भारत में आयोजित होने वाले आगामी वुमेंस ODI वर्ल्ड कप 2025 के बाद वह इस फॉर्मेट को अलविदा कह देंगी। हालांकि, वे T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगी। यह घोषणा न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड द्वारा महिला खिलाड़ियों के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की लिस्ट जारी किए जाने से ठीक पहले की गई है। ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि वनडे फॉर्मेट से संन्यास लेने के चलते डिवाइन का नाम उस सूची में शामिल नहीं होगा और अब उनके पास केवल T20I कॉन्ट्रैक्ट होगा।

सोफी डिवाइन ने महज 17 साल की उम्र में साल 2006 में वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था। वह अब तक न्यूजीलैंड के लिए 152 वनडे मुकाबले खेल चुकी हैं और इस फॉर्मेट में टीम की रीढ़ रही हैं। वह वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ियों की सूची में सूजी बेट्स (147 मैच) के बाद दूसरे नंबर पर हैं।

अब तक डिवाइन ने वनडे में 3990 रन बनाए हैं और न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। आगामी वर्ल्ड कप में अगर वह 54 रन और बना लेती हैं, तो वह डेबी हॉकली को पछाड़कर तीसरे स्थान पर पहुंच जाएंगी।

उनके नाम 8 वनडे शतक दर्ज हैं, जो न्यूजीलैंड की तरफ से दूसरे सबसे ज्यादा शतक हैं। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ सूजी बेट्स (13 शतक) हैं। डिवाइन ना सिर्फ एक मजबूत बल्लेबाज हैं, बल्कि उन्होंने गेंदबाजी में भी शानदार योगदान दिया है। उन्होंने अब तक 152 वनडे मैचों में 107 विकेट चटकाए हैं। वह न्यूजीलैंड के लिए वनडे में ली ताहूहू (150 विकेट) के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। अभी तक सिर्फ ये दो महिला क्रिकेटर ही न्यूजीलैंड के लिए वनडे में 100 से अधिक विकेट ले पाई हैं।  अब सबकी निगाहें इस साल के अंत में होने वाले महिला वनडे विश्व कप 2025 पर रहेंगी। यह टूर्नामेंट डिवाइन के लिए एक बड़ा मंच होगा जहां वह बल्ले और गेंद दोनों से अपना अंतिम वनडे प्रभाव छोड़ने का प्रयास करेंगी। साथ ही यह भी देखना दिलचस्प होगा कि उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड महिला टीम का प्रदर्शन कैसा रहता है।

ये भी पढ़ें-   लगातार तकनीकी समस्याओं से जूझ रही एयरलाइंस, सैन फ्रांसिस्को-मुंबई एअर इंडिया फ्लाइट को कोलकाता में रोकना पड़ा, कई अन्य उड़ानों में भी खामियां