KNEWS DESK- FIH Pro League के दूसरे चरण के दौरान पाकिस्तान की हॉकी टीम को ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा में गंभीर अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। टीम जब वहां पहुंची तो होटल प्रबंधन ने बकाया भुगतान न मिलने का हवाला देते हुए उनकी बुकिंग रद्द कर दी। नतीजतन खिलाड़ी और अधिकारी घंटों तक ठहरने की जगह के बिना भटकते रहे।
सूत्रों के मुताबिक, टीम की चार सितारा होटल में बुकिंग कराई गई थी और उन्हें बताया गया था कि Pakistan Hockey Federation और Pakistan Sports Board ने अग्रिम भुगतान कर दिया है। लेकिन कैनबरा पहुंचने पर होटल ने स्पष्ट कर दिया कि न तो कोई भुगतान मिला है और न ही बुकिंग की पुष्टि है।
हेड कोच ताहिर जमां ने पाकिस्तान में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन समय अंतर और कथित फंड की कमी के कारण तुरंत समाधान नहीं निकल सका। लंबी यात्रा के बाद खिलाड़ियों के पास न आराम की व्यवस्था थी और न ही भोजन की स्पष्ट सुविधा। काफी प्रयासों के बाद होटल ने सीमित कमरे उपलब्ध कराए, जहां दो-तीन खिलाड़ियों को एक साथ ठहरना पड़ा।
इन हालात के बीच टीम को अगले ही दिन मैदान में उतरना पड़ा, जहां उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-3 से हार झेलनी पड़ी। प्रो लीग में पाकिस्तान पहले ही संघर्ष कर रहा है और अब तक खेले गए सभी छह मैच गंवा चुका है। ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी जैसी शीर्ष टीमों के सामने उसका प्रदर्शन फीका रहा है।
यह घटना पहली नहीं है। अर्जेंटीना में पहले चरण के दौरान भी खिलाड़ियों को दैनिक भत्ता समय पर नहीं मिला था, जिससे वे आर्थिक तंगी से जूझते रहे। इस बार टीम नियमित मैनेजर के बिना दौरे पर गई। पूर्व ओलंपियन अंजुम सईद को कथित अनुशासनहीनता के मामले के बाद पद से हटा दिया गया था।
हालांकि खिलाड़ियों के लिए दैनिक भत्ता 115 अमेरिकी डॉलर तय किया गया था, लेकिन मौजूदा घटनाओं ने प्रशासनिक कुप्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कैनबरा में स्थानीय पाकिस्तानी समुदाय के कुछ लोगों को आगे आकर मदद करनी पड़ी।
कभी ओलंपिक और विश्व हॉकी में दबदबा रखने वाला पाकिस्तान आज आर्थिक संकट, प्रशासनिक अव्यवस्था और अंदरूनी विवादों से जूझ रहा है। यह मामला सिर्फ एक हार का नहीं, बल्कि उस व्यवस्था का आईना है जिसने खिलाड़ियों को खेल से ज्यादा बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करने पर मजबूर कर दिया है।