नीरज चोपड़ा की धमाकेदार वापसी, पेरिस डायमंड लीग 2025 में पहला स्थान, जूलियन वेबर से लिया बदला

KNEWS DESK-  भारत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह ट्रैक एंड फील्ड की दुनिया में भारत का सबसे बड़ा नाम हैं। पेरिस डायमंड लीग 2025 की मेंस जेवलिन थ्रो स्पर्धा में नीरज ने पहला स्थान हासिल करते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने 88.16 मीटर का जबरदस्त थ्रो करके जर्मनी के जूलियन वेबर को कड़े मुकाबले में हराया और पिछली दो हार का हिसाब बराबर कर लिया।

नीरज चोपड़ा ने पेरिस डायमंड लीग में 8 साल बाद वापसी की है। आखिरी बार वह 2017 में इस प्रतियोगिता में उतरे थे, जहां उन्होंने 84.67 मीटर थ्रो कर पांचवां स्थान हासिल किया था। लेकिन इस बार उन्होंने न केवल वापसी की, बल्कि पहले ही प्रयास में 88.16 मीटर का थ्रो करके शीर्ष स्थान पर कब्जा कर लिया, जिसे कोई अन्य एथलीट पार नहीं कर पाया।

  • नीरज चोपड़ा (भारत) – 88.16 मीटर (पहला स्थान)

  • जूलियन वेबर (जर्मनी) – 87.88 मीटर (दूसरा स्थान)

  • लुइज़ दा सिल्वा (ब्राजील) – 86.62 मीटर (तीसरा स्थान)

नीरज ने पहले थ्रो में 88.16 मीटर की दूरी तय की और अंत तक इसी थ्रो के दम पर अपनी लीड बनाए रखी। दूसरे राउंड में उन्होंने 85.10 मीटर का थ्रो किया। हालांकि तीसरा, चौथा और पांचवां प्रयास फाउल रहा, जबकि आखिरी थ्रो में उन्होंने 82.89 मीटर की दूरी तय की।

नीरज की यह जीत सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दो बार की हार का जवाब भी थी। पिछले मुकाबले में दोहा में वेबर ने 91.06 मीटर के थ्रो के साथ नीरज को पीछे छोड़ा था, जबकि नीरज ने तब 90.23 मीटर थ्रो किया था। इसके बाद पोलैंड में भी वेबर ने बाज़ी मारी थी। लेकिन इस बार पेरिस में नीरज ने पुरानी हार को पीछे छोड़ते हुए जबरदस्त वापसी की और वेबर को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया।

27 वर्षीय नीरज चोपड़ा पिछले दो मुकाबलों में दूसरे स्थान पर रहे थे, लेकिन उनकी निरंतरता और वापसी की क्षमता उन्हें खास बनाती है। पेरिस में उनकी यह जीत आने वाले ओलंपिक खेलों के लिहाज से भी भारत के लिए बेहद उत्साहजनक संकेत है।

ये भी पढ़ें-  ‘दिव्यांग साथी योग शास्त्र पढ़ते हैं, वैज्ञानिक अंतरिक्ष में योग करते हैं…’, विशाखापट्टनम में बोले PM मोदी