डिजिटल डेस्क- आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में विराट कोहली एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। जहां एक ओर उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया, वहीं दूसरी ओर मैदान पर उनके गुस्से ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 18 रन से हराया, लेकिन मैच के बाद चर्चा का केंद्र कोहली का व्यवहार बन गया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में विराट कोहली ने 38 गेंदों में 50 रन की अहम पारी खेली। उन्होंने 131.58 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 5 चौके और 1 छक्का लगाया। हालांकि उनकी पारी का अंत हार्दिक पांड्या की गेंद पर हुआ, जब सूर्यकुमार यादव ने उनका कैच लपका।
पवेलियन लौटते समय खोया अपना आपा, फेंके ग्लव्स और हेलमेट
लेकिन असली विवाद तब शुरू हुआ जब आउट होकर पवेलियन लौटते समय कोहली ने अपना आपा खो दिया। बाउंड्री लाइन पार करते वक्त उन्होंने गुस्से में अपने ग्लव्स और हेलमेट जोर से जमीन पर फेंक दिए। यह दृश्य कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कोहली का यह व्यवहार आईपीएल की आचार संहिता का उल्लंघन माना जा रहा है। नियमों के मुताबिक, मैच के दौरान क्रिकेट उपकरणों का दुरुपयोग लेवल-1 अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में बीसीसीआई खिलाड़ी पर जुर्माना लगा सकता है। नियमों के अनुसार, इस तरह के उल्लंघन पर खिलाड़ी की मैच फीस का 10 से 25 प्रतिशत तक काटा जा सकता है और एक डिमेरिट अंक भी दिया जा सकता है। हालांकि, लेवल-1 के अपराध में आमतौर पर बैन की सजा नहीं दी जाती। अंतिम फैसला मैच रेफरी के हाथ में होता है और वही तय करेंगे कि कोहली पर कितनी कार्रवाई की जाए।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ पूरे किये 1000 रन
विवाद के बीच कोहली ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वह मुंबई इंडियंस के खिलाफ टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इस उपलब्धि में आईपीएल और चैंपियंस लीग टी20 दोनों के रन शामिल हैं। कोहली को इस रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए सिर्फ 20 रनों की जरूरत थी, जिसे उन्होंने बेहद तेज अंदाज में हासिल कर लिया। इस सूची में उन्होंने केएल राहुल (977 रन) और शिखर धवन (901 रन) को पीछे छोड़ दिया। इस लिस्ट में टॉप-10 बल्लेबाजों में अधिकतर भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। अब तक मुंबई इंडियंस के खिलाफ कोहली 37 मैचों में 1030 रन बना चुके हैं, जिसमें 7 अर्धशतक भी शामिल हैं। हालांकि, इस शानदार रिकॉर्ड के बावजूद उनका गुस्से वाला रवैया सवालों के घेरे में आ गया है।