डिजिटल डेस्क- आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को वानखेड़े स्टेडियम में 18 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दोनों टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में आरसीबी ने बाजी मारते हुए सीजन की अपनी तीसरी जीत हासिल कर ली, जबकि मुंबई को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन उनका यह निर्णय टीम पर भारी पड़ गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 240 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
आरसीबी ने शुरुआत से ही अपनाया आक्रामक रूख
आरसीबी की शुरुआत आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 78 रन बनाए और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद रजत पाटीदार ने 53 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने 50 रन बनाकर पारी को मजबूती दी। आखिरी ओवरों में टिम डेविड ने 16 गेंदों में नाबाद 34 रन ठोककर स्कोर को 240 तक पहुंचा दिया। मुंबई की ओर से गेंदबाजी में कोई खास प्रभाव नहीं दिखा। कप्तान हार्दिक पंड्या,ट्रेंट बोल्ट, मिशेल सैंटनर और शार्दुल ठाकुर को एक-एक विकेट मिला, लेकिन वे रन गति पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे।
रदरफोर्ड की अकेले ही मैच पलटने की कोशिश
241 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत ठीक-ठाक रही, लेकिन टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। इसके बावजूद अंत में मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया, जब शेरफेन रदरफोर्ड ने अकेले दम पर मैच को पलटने की कोशिश की। रदरफर्ड ने 31 गेंदों में 71 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें एक चौका और 9 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनकी इस आक्रामक बल्लेबाजी ने मुंबई को जीत के करीब पहुंचा दिया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। नतीजतन मुंबई की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 222 रन ही बना सकी और मुकाबला 18 रन से हार गई।