डिजिटल डेस्क- भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान पर उतरने से पहले हाथ मिलाएंगे या नहीं। अब इसको लेकर ताजा अपडेट सामने आ गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय टीम अपनी ‘नो-हैंडशेक’ पॉलिसी पर कायम रहेगी। यानी मैच से पहले भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाएंगे। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से जब इस मुद्दे पर सवाल किया गया था तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा था कि इसके लिए 24 घंटे इंतजार करना होगा। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक नो हैंडशेक पालिसी बरकरार रहेगी। इसके बाद अब स्पष्ट हो गया है कि टीम अपने पुराने रुख पर ही कायम रहेगी।
एशिया कप 2025 से शुरू हुआ था विवाद
‘नो-हैंडशेक’ की शुरुआत एशिया कप 2025 के दौरान हुई थी। उस समय भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में खिलाड़ियों ने मैच से पहले और बाद में हाथ नहीं मिलाया था। बताया गया था कि यह फैसला भारतीय सरकार और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लिया गया था। इसके बाद भारतीय महिला टीम और जूनियर टीम ने भी पाकिस्तान के खिलाफ मैचों में इसी नीति को अपनाया। तब से यह मुद्दा खेल से ज्यादा कूटनीतिक और भावनात्मक बहस का हिस्सा बन गया है।
संजय मांजरेकर का विवादित बयान
इस बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने सोशल मीडिया पर ‘नो-हैंडशेक’ पॉलिसी को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने इसे खेल भावना के खिलाफ बताया और कहा कि या तो पूरी खेल भावना से खेलें या फिर बिल्कुल न खेलें। उनके इस बयान के बाद क्रिकेट जगत में नई बहस छिड़ गई है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत की संभावित प्लेइंग XI:
इशान किशन, संजू सैमसन (अभिषेक शर्मा फिट होने पर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग XI:
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, ख्वाजा नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान तारिक। भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा हाई-वोल्टेज रहता है, लेकिन इस बार ‘नो-हैंडशेक’ पॉलिसी ने मैच से पहले ही माहौल को और गर्म कर दिया है। अब सबकी नजरें मैदान पर होंगी कि खेल का रोमांच किस दिशा में जाता है और यह नीति आगे भी जारी रहती है या नहीं।