IND vs NED: भारत का चौथा विकेट गिरा, टॉप ऑर्डर लड़खड़ाया; सुपर-8 से पहले टीम की परीक्षा

डिजिटल डेस्क- भारत और नीदरलैंड के बीच खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। खबर लिखे जाने तक भारत का चौथा विकेट भी गिर चुका है और टॉप ऑर्डर पूरी तरह दबाव में नजर आया। टीम इंडिया ने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए। अक्षर पटेल और कुलदीप यादव की जगह वॉशिंगटन सुंदर और अर्शदीप सिंह को शामिल किया गया। वहीं नीदरलैंड ने एक बदलाव करते हुए नोह क्रोस को अंतिम एकादश में जगह दी।

शुरूआत झटके के साथ हुई

भारतीय पारी की शुरुआत झटकों के साथ हुई। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। यह लगातार तीसरा मुकाबला है जब वह विश्व कप में शून्य पर आउट हुए हैं। इसके बाद ईशान किशन ने 7 गेंदों में 18 रन बनाकर तेजी दिखाने की कोशिश की, लेकिन वह भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। तीसरे नंबर पर आए तिलक वर्मा ने 27 गेंदों में 31 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया, लेकिन वह सेट होने के बाद विकेट गंवा बैठे। कप्तान सूर्यकुमार यादव से टीम को बड़ी पारी की उम्मीद थी, मगर वह भी 28 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हो गए। उनके आउट होते ही भारत का चौथा विकेट गिर गया और टीम मुश्किल में दिखने लगी।

तीन मुकाबले जीतकर पहले ही कर चुका क्वालीफाई

हालांकि भारत पहले ही लगातार तीन मुकाबले जीतकर सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर चुका है, फिर भी यह मैच टीम संयोजन और फॉर्म के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सुपर-8 में भारत की पहली भिड़ंत दक्षिण अफ्रीका से होनी है, जो इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में है। ऐसे में मध्यक्रम और निचले क्रम से बड़ी साझेदारी की जरूरत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *