KNEWS DESK- टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक छह दिन पहले भारत-पाकिस्तान क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने साफ कर दिया है कि वह टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में अपनी टीम मैदान पर नहीं उतारेगा। PCB ने इस फैसले के पीछे पाकिस्तानी सरकार के निर्देशों का हवाला दिया है। इस ऐलान के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कड़ा रुख अपनाते हुए गंभीर परिणामों की चेतावनी दी है।
ICC के बयान के मुताबिक, अगर PCB अपने फैसले पर कायम रहता है तो उस पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम से ICC खुद भी आर्थिक नुकसान से नहीं बच पाएगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि भारत-पाकिस्तान मैच न होने की स्थिति में ICC को करीब 200 करोड़ रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ सकता है।
बीते कई वर्षों से हर ICC टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा चर्चा और दर्शकों की नजरें भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर रहती हैं। दोनों टीमें आमतौर पर केवल ICC इवेंट्स में ही आमने-सामने आती हैं, जिससे इस मैच का रोमांच और व्यावसायिक मूल्य कई गुना बढ़ जाता है। यही वजह है कि वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट्स में ब्रॉडकास्टर्स ICC को भारी रकम चुकाते हैं।
अगर यह हाई-प्रोफाइल मुकाबला नहीं होता है तो टूर्नामेंट के प्रमुख ब्रॉडकास्टर जियो-हॉटस्टार की कमाई पर सीधा असर पड़ेगा। इसका असर अंततः ICC की आय पर भी पड़ेगा, क्योंकि इस मैच से जुड़ी ब्रॉडकास्टिंग फीस उसे नहीं मिल पाएगी। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, किसी भी ICC टूर्नामेंट में भारत के मैचों से लगभग 100 करोड़ रुपये की कमाई होती है, जबकि भारत-पाकिस्तान मुकाबले में यह आंकड़ा लगभग दोगुना हो जाता है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारत-पाकिस्तान टी20 मैच के दौरान हर 10 सेकेंड के विज्ञापन की कीमत आमतौर पर 25 लाख से 40 लाख रुपये के बीच होती है। ऐसे में एक ही मैच के रद्द होने से करीब 200 करोड़ रुपये तक का नुकसान संभव है।
इस नुकसान का असर ICC के रेवेन्यू-शेयरिंग मॉडल पर भी पड़ सकता है, जिसके तहत BCCI, PCB समेत सभी सदस्य बोर्ड्स को हिस्सा मिलता है। जहां आर्थिक रूप से मजबूत BCCI पर इसका सीमित असर पड़ सकता है, वहीं पहले से ही वित्तीय दबाव झेल रहे PCB और अन्य छोटे बोर्ड्स के लिए यह बड़ा झटका साबित हो सकता है।
इस बीच, ICC बोर्ड से जुड़े एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया है कि यदि भारत-पाकिस्तान मैच फॉरफिट होता है, तो ICC सजा के तौर पर ब्रॉडकास्टर को हुए नुकसान की भरपाई PCB से कराने पर भी विचार कर सकती है।
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या PCB अपने फैसले पर दोबारा विचार करता है या फिर यह विवाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ICC और पाकिस्तान क्रिकेट के रिश्तों में और तनाव बढ़ाएगा।