‘करुप्पु’ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद क्या 100 करोड़ क्लब में शामिल होंगे सूर्या?

Knews Desk– साउथ सुपरस्टार सूर्या के लिए साल 2026 अब तक बेहद शानदार साबित हुआ है। उनकी हालिया रिलीज फिल्म ‘करुप्पु’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनियाभर में 310 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। करीब 130 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म सूर्या के करियर की सबसे बड़ी हिट बन गई है। इसी सफलता के बाद अब उनकी फीस को लेकर नई चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया और फिल्मी गलियारों में दावा किया जा रहा है कि सूर्या अब अपनी अगली फिल्म के लिए 100 करोड़ रुपये की फीस मांग सकते हैं।

हालांकि, इस दावे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूर्या अपने 49वें प्रोजेक्ट से अपनी फीस में बड़ा इजाफा करने पर विचार कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि वह अपनी लगातार बढ़ती लोकप्रियता और बॉक्स ऑफिस पर मिली सफलता को देखते हुए ट्रिपल डिजिट फीस की मांग कर सकते हैं।दरअसल, हाल ही में सामने आई कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि सूर्या अपनी अगली फिल्मों के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये फीस लेना चाहते हैं। यह रकम इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि कई बड़े सुपरस्टार भी एक फिल्म के लिए इतनी फीस नहीं लेते। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या निर्माता इतनी बड़ी रकम देने के लिए तैयार होंगे।फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि किसी भी अभिनेता की फीस उसकी स्टार पावर, बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड और प्रोजेक्ट के बजट पर निर्भर करती है। कई बार बड़े सितारे निश्चित फीस के बजाय फिल्म के मुनाफे में हिस्सेदारी भी लेते हैं। ऐसे में यह कहना जल्दबाजी होगी कि सूर्या को वास्तव में 100 करोड़ रुपये की फीस मिलेगी।

बताया जा रहा है कि सूर्या की अगली फिल्म ‘विश्वनाथ एंड संस’ होगी, जिसका निर्देशन वेंकी अटलुरी कर रहे हैं। इस फिल्म को नागा वामसी प्रोड्यूस कर रहे हैं और इसके लेकर भी दर्शकों में काफी उत्साह है। हालांकि, फिल्म के निर्माताओं या सूर्या की टीम की ओर से फीस को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।गौरतलब है कि ‘करुप्पु’ में मुख्य भूमिका निभाने के लिए सूर्या ने कथित तौर पर करीब 45 करोड़ रुपये फीस ली थी। ऐसे में सीधे 45 करोड़ से 100 करोड़ रुपये तक पहुंचने की खबरें फिलहाल सिर्फ अटकलों के तौर पर देखी जा रही हैं। यदि भविष्य में उनकी फीस में बढ़ोतरी होती भी है, तो यह फिल्म की लागत, निर्माता की रणनीति और कारोबार की संभावनाओं पर निर्भर करेगा।

फिलहाल इतना जरूर कहा जा सकता है कि ‘करुप्पु’ की शानदार सफलता ने सूर्या के करियर को नई ऊंचाई दी है। लंबे समय बाद मिली इस बड़ी हिट ने उन्हें एक बार फिर साउथ सिनेमा के सबसे भरोसेमंद सितारों की सूची में मजबूती से खड़ा कर दिया है। अब सभी की नजर उनकी आने वाली फिल्मों और उनकी आधिकारिक फीस पर टिकी हुई है। अगर आने वाले प्रोजेक्ट्स भी बॉक्स ऑफिस पर इसी तरह सफल रहते हैं, तो भविष्य में सूर्या का 100 करोड़ क्लब में शामिल होना बिल्कुल भी असंभव नहीं माना जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *