अक्टूबर महीना में कब है व्रत-त्योहार? जानिए करवा चौथ, धनतेरस, दिवाली और छठ पूजा की तिथियां व महत्व

KNEWS DESK- हिंदू धर्म में अक्टूबर का महीना धार्मिक दृष्टि से बेहद खास माना जाता है। इस महीने से कार्तिक मास की शुरुआत होती है, जिसे व्रत-त्योहारों का महीना कहा जाता है। कार्तिक मास में कई बड़े पर्व जैसे करवा चौथ, धनतेरस, दिवाली और छठ पूजा धूमधाम से मनाए जाते हैं। आइए जानते हैं साल 2025 में इन त्योहारों की तिथियां और उनका महत्व।

करवा चौथ 2025 – 10 अक्टूबर

करवा चौथ का व्रत हर साल कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और दांपत्य जीवन की सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत करती हैं। शाम को चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद व्रत खोला जाता है। इस साल करवा चौथ 10 अक्तूबर 2025 को मनाया जाएगा। इसी दिन संकष्टी चतुर्थी का व्रत भी पड़ेगा।

धनतेरस 2025 – 18 अक्टूबर

धनतेरस को धन त्रयोदशी भी कहा जाता है। यह दिन दीपावली उत्सव की शुरुआत का प्रतीक होता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और कुबेर देव की पूजा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन सोना, चांदी या बर्तन खरीदना शुभ फल देता है। इस बार धनतेरस 18 अक्तूबर 2025 को मनाई जाएगी। इस दिन शनि प्रदोष व्रत का योग भी रहेगा।

दिवाली 2025 – 20 अक्टूबर

कार्तिक अमावस्या को दीपावली का पर्व मनाया जाता है। यह पर्व मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का दिन है। इस साल दिवाली 20 अक्टूबर 2025 को पड़ेगी। खास बात यह है कि इस बार नरक चतुर्दशी (छोटी दिवाली) और बड़ी दिवाली एक ही दिन यानी 20 अक्टूबर को मनाई जाएगी।

छठ पूजा 2025 – 27 अक्टूबर से शुरुआत

छठ पूजा कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी को मनाई जाती है। यह महापर्व खासतौर पर बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बड़ी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है। इसमें महिलाएं और पुरुष व्रत रखकर सूर्यदेव को अस्ताचल और उदयाचल अर्घ्य अर्पित करते हैं। छठ पूजा 2025 की शुरुआत 27 अक्टूबर से होगी और यह पर्व चार दिनों तक चलेगा।

अक्टूबर 2025 का महीना त्योहारों की खुशियों से भरा रहेगा। करवा चौथ से लेकर दिवाली और छठ पूजा तक, हर त्योहार अपने साथ भक्ति, आस्था और पारिवारिक सौहार्द का संदेश लेकर आएगा।