शरद पूर्णिमा पर करें ये 5 खास दान, मिलेगी मां लक्ष्मी की कृपा और चंद्रदेव का आशीर्वाद

KNEWS DESK- शरद पूर्णिमा का दिन हिंदू धर्म में अत्यंत शुभ और पवित्र माना गया है। इस दिन धन और वैभव की देवी मां लक्ष्मी तथा भगवान श्री हरि विष्णु की पूजा का विशेष विधान है। ऐसा कहा जाता है कि शरद पूर्णिमा की रात चंद्रदेव अपनी पूर्ण कलाओं के साथ प्रकट होते हैं और उनकी चांदनी में अमृत बरसता है। यही कारण है कि इस दिन व्रत, पूजा और दान का अत्यधिक महत्व बताया गया है। मान्यता है कि शरद पूर्णिमा के दिन किया गया दान जीवन में सुख, समृद्धि और मानसिक शांति प्रदान करता है।

पंचांग के अनुसार, 6 अक्टूबर 2025, सोमवार को शरद पूर्णिमा मनाई जा रही है। ऐसे में आइए जानते हैं कि इस दिन किन चीजों का दान करने से मां लक्ष्मी और चंद्रदेव की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

सफेद वस्त्र और कंबल का दान करें

शरद पूर्णिमा की पावन रात को जरूरतमंदों को सफेद वस्त्र या कंबल दान करना अत्यंत शुभ माना जाता है। ऐसा करने से व्यक्ति के जीवन में आ रही परेशानियां दूर होने लगती हैं और आर्थिक संकट समाप्त होता है। मां लक्ष्मी की कृपा से घर में धन और सौभाग्य का वास होता है।

चावल का दान करें

शास्त्रों में कहा गया है कि शरद पूर्णिमा पर घर के अखंड चावल का दान करना चाहिए। इससे परिवार के सदस्यों को मानसिक शांति मिलती है और पारिवारिक संबंध मजबूत होते हैं। चंद्रदेव की कृपा से घर में अन्न और धन की कभी कमी नहीं रहती।

चांदी का दान करें

चंद्रमा का संबंध चांदी से माना गया है। इसलिए इस दिन किसी ब्राह्मण या जरूरतमंद को चांदी का पात्र या सिक्का दान करना अत्यंत शुभ होता है। इससे चंद्रदोष के प्रभाव कम होते हैं, घर में चल रहा मनमुटाव समाप्त होता है और धन का अपव्यय रुकता है।

दूध या दूध से बनी वस्तुओं का दान करें

शरद पूर्णिमा की रात को दूध या उससे बनी खीर, दही, छाछ आदि का दान करने से चंद्रदेव प्रसन्न होते हैं। ऐसा करने से मन की शांति बढ़ती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

दीपदान अवश्य करें

शरद पूर्णिमा की रात दीपदान का विशेष महत्व है। मंदिर में, घर के आंगन में या जलाशय के किनारे दीपक जलाने से घर में सुख-शांति बनी रहती है। दीपदान से मां लक्ष्मी का वास स्थायी होता है और जीवन में उन्नति के मार्ग खुलते हैं।

शरद पूर्णिमा केवल चांदनी रात का उत्सव नहीं, बल्कि दान, भक्ति और समृद्धि का पर्व है। इस दिन श्रद्धा और भावना से किए गए दान से न केवल भौतिक सुखों की प्राप्ति होती है, बल्कि मन को भी अद्भुत शांति मिलती है। इसलिए आज के दिन दान करें, दीप जलाएं और मां लक्ष्मी व चंद्रदेव से अपने जीवन में सुख-समृद्धि की कामना करें।