16 दिसंबर से लग रहा खरमास, क्यों रुक जाते हैं विवाह? जानिए 2026 में कब बजेगी शहनाई

KNEWS DESK- हिंदू धर्म में विवाह और अन्य सभी शुभ-मांगलिक कार्य हमेशा शुभ मुहूर्त देखकर ही किए जाते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शुभ मुहूर्त में किए गए कार्यों पर देवताओं की विशेष कृपा रहती है और ग्रहों की अनुकूल स्थिति से वे कार्य सफल होते हैं। ऐसे समय में किए गए कर्म जीवन में सुख, समृद्धि और शांति लाते हैं।

लेकिन कुछ विशेष काल ऐसे भी होते हैं, जब सभी शुभ कार्यों पर रोक लगा दी जाती है। इन्हीं में से एक है खरमास, जिसे मलमास भी कहा जाता है।

खरमास क्या है और कब लगता है?

खरमास उस अवधि को कहा जाता है, जब भगवान सूर्य धनु राशि में प्रवेश करते हैं। इस बार खरमास की शुरुआत 16 दिसंबर 2025 से हो रही है। खरमास के दौरान विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश जैसे सभी शुभ और मांगलिक कार्य वर्जित माने जाते हैं। यही कारण है कि इस अवधि में शादियां नहीं होतीं।

शुक्र ग्रह के अस्त होने से पहले ही रुक गए विवाह

हालांकि खरमास 16 दिसंबर से शुरू हो रहा है, लेकिन विवाह इससे पहले ही बंद हो चुके हैं। दरअसल, 11 दिसंबर 2025 को शुक्र ग्रह अस्त हो गए हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, शुक्र ग्रह प्रेम, दांपत्य सुख और विवाह के कारक माने जाते हैं। जब शुक्र अस्त रहते हैं, तब विवाह के लिए कोई भी शुभ मुहूर्त नहीं बनता। इसी वजह से 11 दिसंबर 2025 से ही विवाह पर रोक लग गई है।

विवाह पर लगी रोक कब तक रहेगी?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि विवाह का शुभ समय फिर से कब आएगा। खरमास 15 जनवरी 2026 को समाप्त हो जाएगा। आमतौर पर खरमास खत्म होते ही शुभ कार्य शुरू हो जाते हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। कारण है शुक्र ग्रह का लंबे समय तक अस्त रहना। शुक्र ग्रह लगभग 53 दिनों तक अस्त रहेंगे और उनका उदय 01 फरवरी 2026 को होगा। शुक्र के उदय होने के बाद ही विवाह और अन्य मांगलिक कार्य दोबारा शुरू माने जाते हैं।

2026 में कब से शुरू होगा विवाह का सीजन?

शुक्र ग्रह के उदय के साथ ही फरवरी 2026 से विवाह का सीजन शुरू हो जाएगा। इसके बाद ही पूरे विधि-विधान के साथ शादियां संपन्न की जा सकेंगी।

फरवरी 2026 में विवाह के 12 शुभ मुहूर्त

ज्योतिष गणना के अनुसार, फरवरी 2026 में विवाह के लिए कुल 12 शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं। इन तारीखों पर विवाह किए जा सकते हैं— 05, 06, 08, 10, 12, 14, 19, 20, 21, 24, 25 और 26 फरवरी 2026।

खरमास और शुक्र ग्रह के अस्त होने की वजह से विवाह पर अस्थायी रोक लगी हुई है। लेकिन फरवरी 2026 से फिर से शहनाइयों की गूंज सुनाई देगी। जो लोग शादी की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए फरवरी का महीना शुभ साबित होने वाला है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *