KNEWS DESK- धनतेरस के बाद आज छोटी दिवाली यानी रूप चौदस का दिन है। इस दिन से दीपोत्सव का असली उल्लास शुरू हो जाता है। छोटी दिवाली के दिन भगवान हनुमान, मां काली और मृत्यु के देवता यमराज की पूजा का विशेष महत्व होता है। शाम के समय माता लक्ष्मी का पूजन करने से पूरे वर्ष घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। इसी दिन घरों में दीप जलाकर अंधकार को दूर किया जाता है और खुशियों का स्वागत किया जाता है।

ज्योतिष शास्त्रों में छोटी दिवाली की रात को किए जाने वाले कुछ विशेष उपाय बताए गए हैं, जिनका प्रभाव पूरे वर्ष तक बना रहता है। इन उपायों में नारियल का विशेष स्थान है। नारियल माता लक्ष्मी को अत्यंत प्रिय माना गया है, और छोटी दिवाली की रात नारियल से जुड़े उपाय करने से मां लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
छोटी दिवाली पर करें नारियल के ये उपाय
पूजा स्थल पर नारियल रखें:
छोटी दिवाली की रात नारियल को पूजा स्थान पर रखें। कुमकुम से तिलक लगाकर फूल चढ़ाएं और माता लक्ष्मी से मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करें। अगले दिन उस नारियल को तिजोरी या धन रखने के स्थान पर रख दें। माना जाता है कि इससे मां लक्ष्मी की कृपा घर पर बनी रहती है।
लाल या पीले कपड़े में नारियल बांधें:
लाल या पीले कपड़े में नारियल बांधकर तिजोरी या धन के स्थान पर रखें। यह उपाय आर्थिक स्थिरता लाता है और घर की धन-संपदा में वृद्धि होती है।
गुप्त रूप से करें नारियल का स्नान:
छोटी दिवाली के दिन एक नारियल लेकर किसी पवित्र नदी में स्नान कराएं या गंगाजल से उसका अभिषेक करें। इस प्रक्रिया को गुप्त रूप से करें और फिर नारियल को अपने पूजा स्थान पर रख दें। ऐसा करने से घर में धन का प्रवाह बढ़ता है और आर्थिक बाधाएं दूर होती हैं।
इस तरह छोटी दिवाली के दिन श्रद्धा और विधि-विधान से नारियल के ये सरल उपाय करने से मां लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है और घर में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।