कोटा में NEET छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम, फ्लैट में फंदे से लटकी मिली लाश

राजस्थान के कोटा में 20 वर्षीय NEET छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। छात्रा अपने परिवार से दूर छोटी बहन के साथ रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है।

Knews Desk– राजस्थान के कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा खुशबू पटेल की मौत से हड़कंप मच गया। मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली खुशबू वर्ष 2023 से कोटा में रहकर NEET की तैयारी कर रही थी। मंगलवार शाम उसका शव फ्लैट के कमरे में फंदे से लटका मिला।

जानकारी के मुताबिक, खुशबू अपनी छोटी बहन खुशी के साथ कोटा में रह रही थी। दोनों बहनें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहर आई थीं। खुशबू NEET की तैयारी कर रही थी, जबकि उसकी छोटी बहन JEE की पढ़ाई कर रही है। दोनों बहनों ने जुलाई में ही लैंडमार्क सिटी स्थित ओरोलाइट मल्टी स्टोरी में किराए पर फ्लैट लिया था।

मंगलवार शाम खुशी जब कोचिंग से वापस फ्लैट पहुंची तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। उसने पहले अपनी सहेली को फोन कर मौके पर बुलाया और फिर आसपास के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद फ्लैट का लॉक खुलवाया गया। अंदर कमरे में खुशबू फंदे से लटकी हुई मिली।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने छात्रा को तत्काल एमबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी छात्रा के परिजनों को छतरपुर में दी।

परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, मृतका के दादा कोटा पहुंचे थे और उन्हें शव सुपुर्द किया गया।

कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल छात्रा के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिवार के सदस्यों, दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही छात्रा से जुड़ी परिस्थितियों और घटना के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *