चुनावी कार्यालय में पक्ष,सड़कों पर विपक्ष !

उत्तराखंड डेस्क रिपोर्ट, उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव का काउंटडाउन भले ही अभी बाकी हो, लेकिन प्रदेश की सियासत में चुनावी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। इस कड़ी में बीते रोज़ 26 नवंबर की तारीख प्रदेश की राजनीति के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है। एक तरफ सत्ताधारी भाजपा ने देहरादून में पार्टी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन कर चुनावी तैयारियों का आगाज कर दिया, तो दूसरी तरफ सरकार ने अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी कर विकास और उपलब्धियों का हिसाब जनता के सामने रखने की कवायद शुरू कर दी है। सत्ता पक्ष अपने रिपोर्ट कार्ड के जरिए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार के अहम फैसलों को जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है। इसके साथ ही पार्टी का मकसद अपने कार्यकाल के कामकाज को चुनावी मुद्दा बनाकर आगामी विधानसभा चुनाव में तीसरी बार सत्ता हासिल करने की रणनीति को आगे बढ़ाना है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भी सरकार को घेरने का कोई मौका छोड़ने के मूड में नहीं है। बीते रोज़ ही भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लगातार हमलावर कांग्रेस ने हस्ताक्षर अभियान के बाद प्रदेशभर से जुटाए गए हस्ताक्षरों के साथ देहरादून में पैदल मार्च निकाला और लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। वही कांग्रेस पार्टी ने भाजपा के चुनाव कार्यलय पर भी तंज कसने का काम किया।यानी एक तरफ भाजपा अपने कामकाज का लेखा जोखा पेश कर रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस सरकार की जवाबदेही और कथित भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठा रही है। ऐसे में साफ है कि 2027 के चुनाव से पहले उत्तराखंड की सियासत में अब उपलब्धियों बनाम आरोपों की राजनीतिक जंग तेज होने लगी है और नई बहस को उजागर कर रही है।

उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही सियासी मुकाबला तेज होने लगा है। 26 नवंबर को भाजपा और कांग्रेस ने अपने अपने एजेंडे के जरिए चुनावी रणनीति का संकेत दिया। भाजपा ने देहरादून में चुनाव कार्यालय का शुभारंभ कर संगठन को चुनावी मोड में लाने का संदेश दिया, तो सरकार ने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी कर विकास कार्यों और उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। जिससे साफ है कि भाजपा सरकार के कामकाज को चुनावी हथियार बनाने की तैयारी में है। वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस बीते रोज़ ही भ्रष्टाचार के मुद्दे पर धामी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलती नज़र आई। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन से लोकभवन तक पैदल मार्च किया और भ्रष्टाचार की पोटली के जरिए सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस ने अवैध खनन, जमीनों के कारोबार और भर्ती अनियमितताओं को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। वही जहाँ भाजपा ने कांग्रेस के कूच पर पलटवार किया तो उधर कांग्रेस ने भाजपा के चुनाव कार्यालय को भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए तंज कसने का काम किया है। जिसके चलते सियासी आरोप प्रत्यारोप भी तेज़ हो गया है।

कुल मिलाकर, उत्तराखंड की राजनीति में 2027 के चुनाव को लेकर हलचल तेज हो चुकी है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपने अपने मुद्दों के साथ जनता के बीच पहुंचने की तैयारी में हैं। भाजपा के लिए जहां सरकार के पांच साल के कामकाज और उपलब्धियां सबसे बड़ा आधार बनने जा रही हैं, वहीं कांग्रेस भ्रष्टाचार, जवाबदेही और सरकार की कथित कमियों को लेकर सियासी मोर्चा खोल रही है। दिलचस्प बात यह है कि चुनावी मैदान में उतरने से पहले ही दोनों दलों ने अपनी राजनीतिक रणनीति के संकेत देने शुरू कर दिए हैं। एक तरफ भाजपा रिपोर्ट कार्ड के जरिए जनता के सामने अपना पक्ष रख रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस विरोध प्रदर्शन और जन आंदोलनों के जरिए सरकार को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में विकास, भ्रष्टाचार, रोजगार और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सियासी बहस और तेज होने के आसार हैं। अब देखना होगा कि इन तमाम राजनीतिक दावों और आरोपों के बीच जनता किन मुद्दों को प्राथमिकता देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *