Char Dham Yatra 2026 Registration: चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू, जानें कपाट खुलने की तारीख और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया

KNEWS DESK- उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ होने जा रहा है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हर साल इस पवित्र यात्रा में शामिल होते हैं। इसी कड़ी में श्रद्धालुओं के लिए आज शुक्रवार सुबह 7 बजे से यात्रा के लिए आधिकारिक पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। जो भक्त बाबा केदारनाथ और बदरी विशाल के दर्शन करने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए यह महत्वपूर्ण खबर है। इस साल यात्रा अप्रैल के तीसरे सप्ताह से शुरू होगी।

इन तारीखों पर खुलेंगे चारों धाम के कपाट

चारधाम यात्रा की शुरुआत गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगी। इसके बाद क्रमशः केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।

  • 19 अप्रैल – गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलेंगे
  • 22 अप्रैल – बाबा केदारनाथ के कपाट खुलेंगे
  • 23 अप्रैल – बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे

इन तिथियों के साथ ही उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का आधिकारिक आगाज हो जाएगा।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से होगा पंजीकरण

श्रद्धालु यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाकर अपना स्लॉट बुक करना होगा। इसके अलावा स्मार्टफोन उपयोगकर्ता Tourist Care Uttarakhand ऐप डाउनलोड कर भी आसानी से पंजीकरण कर सकते हैं।

जो लोग डिजिटल माध्यम का उपयोग नहीं कर पाते, उनके लिए 17 अप्रैल से ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन काउंटर शुरू किए जाएंगे। किसी भी सहायता के लिए विभाग ने 0135-1364 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।

ऐसे करें चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

1. अकाउंट बनाएं

सबसे पहले वेबसाइट के होमपेज पर Register/Login विकल्प पर क्लिक करें। यहां अपना नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल दर्ज कर अकाउंट बनाएं। मोबाइल पर आए OTP से वेरिफिकेशन पूरा करें।

2. टूर प्लान तैयार करें

लॉगिन करने के बाद Create/Manage Tour पर जाएं। यहां तय करें कि आप अकेले यात्रा करेंगे या समूह में। इसके बाद यात्रा की तारीख और उत्तराखंड में प्रवेश का स्थान जैसे हरिद्वार या ऋषिकेश चुनें।

3. धाम और तारीख का चयन करें

अब उन धामों को चुनें जहां आप दर्शन करना चाहते हैं। कैलेंडर में अपनी सुविधा के अनुसार तारीख चुनें। यदि कोई तारीख लाल रंग में दिखाई दे रही है, तो समझ लें कि उस दिन का कोटा पहले ही भर चुका है।

4. दस्तावेज अपलोड करें

इसके बाद यात्री का नाम, उम्र, फोटो और सरकारी पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड या वोटर आईडी की जानकारी भरें। साथ ही दस्तावेज की स्कैन कॉपी भी अपलोड करें।

5. फॉर्म सबमिट करें

सभी जानकारी सही तरीके से भरने के बाद Submit बटन पर क्लिक करें। पंजीकरण सफल होने पर आपको कंफर्मेशन मैसेज और यात्रा रजिस्ट्रेशन कार्ड मिल जाएगा।

दर्शनार्थियों की संख्या सीमित करने के फैसले पर विवाद

चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू होने के साथ ही सरकार के एक फैसले को लेकर विवाद भी शुरू हो गया है। राज्य सरकार ने इस साल यात्रियों की संख्या सीमित करने का निर्णय लिया है, जिसका स्थानीय व्यापारियों ने विरोध किया है।

चारधाम होटल एसोसिएशन का कहना है कि यह फैसला स्थानीय व्यवसायों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मेहता ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया, तो मार्च के दूसरे पखवाड़े से आंदोलन शुरू किया जाएगा।

हालांकि, सरकार का कहना है कि हिमालयी क्षेत्रों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और यात्रा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए श्रद्धालुओं की संख्या नियंत्रित करना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *