राज्य स्थापना की रजत जयंती पर उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा विशेष सम्मान, सीएम धामी ने की चार बड़ी घोषणाएं

KNEWS DESK- उत्तराखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर पुलिस विभाग को खास सौगात दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मंगलवार को देहरादून पुलिस लाइन में आयोजित रैतिक परेड कार्यक्रम में चार अहम घोषणाएं कीं, जिनसे पुलिस बल का मनोबल और सामाजिक सुरक्षा दोनों ही सुदृढ़ होंगी।

मुख्यमंत्री धामी ने ऐलान किया कि राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में राज्य के सभी पुलिसकर्मियों को विशेष रजत जयंती पदक प्रदान किया जाएगा। यह पदक उन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को समर्पित होगा जो उत्तराखंड के 25 वर्षों के सफर में शांति, कानून व्यवस्था और सेवा भावना के साथ जुड़े रहे।

मुख्यमंत्री ने पुलिस कर्मियों की आवासीय सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 100 करोड़ रुपये की धनराशि तीन वर्षों के भीतर खर्च करने की घोषणा की। यह राशि पुलिस आवासों के निर्माण और जीर्णोद्धार के लिए उपयोग की जाएगी।

राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की दक्षता को और मजबूत करने के उद्देश्य से पांच नए बैरकों का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की भौगोलिक संवेदनशीलता को देखते हुए SDRF की भूमिका भविष्य में और भी अहम हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पुलिस कल्याण नीति के तहत बड़ी राहत की घोषणा करते हुए कहा कि इस फंड को 2.5 करोड़ से बढ़ाकर 4.5 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसका लाभ पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को मिलेगा, खासकर उन परिवारों को जिन्होंने अपने प्रियजनों को ड्यूटी के दौरान खोया है।

कार्यक्रम के दौरान इस साल ड्यूटी के दौरान शहीद हुए प्रदेश के पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उनके परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा “उत्तराखंड की सीमाएं अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय दोनों स्तरों पर जुड़ी हुई हैं, जिससे राज्य की सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत महत्वपूर्ण बन जाती है। पुलिस बल न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में बल्कि आपदा राहत, सामाजिक सौहार्द और अपराध नियंत्रण में भी अग्रणी भूमिका निभाता है।”