KNEWS DESK- जनपद मुज़फ्फरनगर में शहर के बुढ़ाना मोड़ स्थित अंकुर फर्टिलाइजर फैक्ट्री में रविवार दोपहर को गैस के रिसाव से अफरातफरी मच गई। गैस से बेहोश हुई चार महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दहशत में लोग कई घंटे तक अपने घरों से दूर रहे। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया कि कौन सी गैस का रिसाव हुआ, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। घटना के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे श्रमिकों में भगदड़ मच गई। सभी ने भागकर अपनी जान बचाई।

शहर कोतवाली के बुढाना मोड स्थित अंकुर फर्टिलाइजर फैक्ट्री में रविवार को गैस रिसाव होने से हडकंप मच गया,क्योंकि आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। अधिकांश पुरूषों के काम पर होने के कारण घरों में महिलाएं और बच्चे ही थे। सबसे पहले बच्चों को दिक्कत हुई, जिन्हें प्राइवेट अस्पताल में दिखाया गया, लेकिन बाद में चार महिलाएं बेहोश हो गई, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। स्थानीय निवासी अनूप सिंह ने बताया कि फर्टिलाइजर फैक्ट्री से निकली गैस खांजापुर की चार महिलाएं बेहोश हुई है, जिन्हें सांस लेने में परेशानी हुई। चिकित्सकों ने ऑक्सीजन लगाकर उनकी जान बचाई। केमिकल फैक्ट्री की वजह से आसपास का पानी और हवा जहरीली हो गई है।